लखनऊ ने जारी किया टीम लोगो, बताई लोगो के डिजाइन के पीछे की कहानी

punjabkesari.in Monday, Jan 31, 2022 - 05:58 PM (IST)

लखनऊ : लखनऊ सुपर जायंट्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए अपनी टीम का लोगो फैंस के सामने ला दिया है। ऐसा लोगो रखने के पीछे फ्रैंचाइजी ने इसके पीछे एक दिलचस्प वजह भी बताई है। फ्रैंचाइजी ने कहा कि यह हमारे ब्रांड की पहचान है और यह प्राचीन भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है। 

फ्रैंचाइजी ने कहा कि पौराणिक पक्षी गरुड़- जो एक रक्षक है और तेजी से आगे बढ़ने की शक्ति से संपन्न है। उसने हमें टीम के पंखों वाला प्रतीक बनाने के लिए प्रेरित किया है। गरुड़ हर भारतीय संस्कृति और उपसंस्कृति में सर्वव्यापी है। लोगो के तिरंगे पंख प्रतीकात्मक रूप से लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से पूरे भारतीय लोगों का प्रतिनिधित्व करता हैं। पक्षी के शरीर को नीले रंग के बल्ले से क्रिकेट के खेल को दर्शाने के लिए बनाया गया है। नारंगी रंग की सीम के साथ एक लाल गेंद भी है। यह एक शुभ चिन्ह की तरह है। 

लखनऊ ने आईपीएल 2022 के लिए केएल राहुल को 17 करोड़ रुपए, मार्कस स्टोइनिस को 9.2 करोड़ रुपए और रवि बिश्नोई को 4 करोड़ रुपए में टीम में रखा है। केएल राहुल को टीम की कप्तानी भी दी गई है। वहीं एंडी फ्लावर को लखनऊ टीम का कोच बनाया गया है जबकि भारत के पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर टीम के मेंटर के रूप में काम करेंगे।

Content Writer

Raj chaurasiya