माधवेन्द्र प्रताप शर्मा बने अंडर-13 राष्ट्रीय शतरंज चैंपियन, रेटिंग 2400 के करीब पहुंची

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 09:56 PM (IST)

पुडुचेरी में खेली गई 39वीं राष्ट्रीय अंडर-13 ओपन शतरंज चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश के फिडे मास्टर का दबदबा, बिना कोई बाजी हारे जीता खिताब

पुडुचेरी: ( निकलेश जैन) मध्य प्रदेश के उभरते हुए शतरंज खिलाड़ी फिडे मास्टर (एफएम) माधवेन्द्र प्रताप शर्मा ने पुडुचेरी में सम्पन्न हुई 39वीं राष्ट्रीय अंडर-13 ओपन शतरंज चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। 

11 राउंड की स्विस लीग प्रणाली से खेली गई इस चैंपियनशिप में माधवेन्द्र ने 9 जीत और 2 ड्रॉ के साथ कुल 10 अंक अर्जित किए और एक भी बाजी गंवाए बिना खिताब पर कब्जा जमाया। इस दौरान उन्होंने 2396 की शानदार परफॉरमेंस रेटिंग से खेल दिखाया, जिसके चलते उनकी रेटिंग भी अब 2400 अंक के करीब पहुंच गई है।

खिताबी दौड़ में महाराष्ट्र के अविरत चौहान 9.5 अंकों के साथ दूसरे और तेलंगाना के अद्विक रेड्डी मोटे 9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

मध्य प्रदेश के 13 वर्षीय माधवेन्द्र प्रताप शर्मा भारतीय शतरंज में लगातार अपनी पहचान मजबूत करते जा रहे हैं। इससे पहले वे अंडर-10 और अंडर-12 वर्ग में एशियन तथा राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब भी जीत चुके हैं। अपने निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने हाल ही में फिडे मास्टर (एफएम) की उपाधि भी अर्जित की है। अपनी बढ़ती रेटिंग और लगातार शानदार नतीजों के साथ अब वे मध्य प्रदेश के शतरंज इतिहास के सबसे कम उम्र के इंटरनेशनल मास्टर (आईएम) बनने के करीब पहुंच गए हैं। फिलहाल मध्य प्रदेश के पास आयुष शर्मा और अनुज श्रीवात्री के रूप में दो इंटरनेशनल मास्टर हैं और दोनों ही ग्रैंड मास्टर बनने की दिशा में प्रयासरत हैं, और अब माधवेन्द्र भी इस प्रयास में शामिल हो गए हैं। अंडर-13 खिताब के साथ उनका यह सफर भारतीय शतरंज में उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है।

अंतिम रैंकिंग (टॉप-15)

रैंक खिलाड़ी रेटिंग राज्य अंक
1 माधवेन्द्र प्रताप शर्मा (एफएम) 2370 मध्य प्रदेश 10.0
2 अविरत चौहान 2356 महाराष्ट्र 9.5
3 अद्विक रेड्डी मोटे 2051 तेलंगाना 9.0
4 दिविथ रेड्डी अदुल्ला (सीएम) 1930 तेलंगाना 8.5
5 ईशान भंसाली 2058 कर्नाटक 8.5
6 अभिनव आनंद 2152 कर्नाटक 8.5
7 जोशी आदित्य श्रीपाद 2109 महाराष्ट्र 8.5
8 दानिश एस.वी. 2023 तमिलनाडु 8.5
9 मेहुल सोंधी 2098 दिल्ली 8.5
10 राहुल रामकृष्णन 2145 पुडुचेरी 8.0
11 डेनियल अजीश 2041 केरल 8.0
12 धार्श एम. 2058 तमिलनाडु 8.0
13 अर्णव गोयल 1789 हरियाणा 8.0
14 वियान समीर मखानी 1919 गुजरात 8.0
15 शौर्य जायसवाल 1739 कर्नाटक 8.0

गर्ल्स वर्ग: त्रिपुरा की आराध्य दास बनीं चैंपियन

उधर 39वीं राष्ट्रीय अंडर-13 गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप 2026 का खिताब त्रिपुरा की डब्ल्यूसीएम आराध्य दास ने अपने नाम किया। उन्होंने 11 राउंड में 9.5 अंक अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया। कर्नाटक की डब्ल्यूसीएम आद्य गौड़ा और तमिलनाडु की डब्ल्यूसीएम पूजा श्री आर 9-9 अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। 

गर्ल्स अंतिम रैंकिंग (टॉप-15)

रैंक खिलाड़ी रेटिंग राज्य अंक
1 आराध्य दास (डब्ल्यूसीएम) 1944 त्रिपुरा 9.5
2 आद्य गौड़ा (डब्ल्यूसीएम) 1993 कर्नाटक 9.0
3 पूजा श्री आर (डब्ल्यूसीएम) 1829 तमिलनाडु 9.0
4 जानकी एस डी 1822 केरल 8.5
5 दिशिता डे 1829 पश्चिम बंगाल 8.5
6 पाल वेदिका (डब्ल्यूसीएम) 1858 राजस्थान 8.5
7 मुग्धा केओट 1758 असम 8.5
8 पवित्रा आर वी 1854 तमिलनाडु 8.0
9 अर्पिता पटनकर 1819 गुजरात 8.0
10 नक्षत्र गुमुदावेली (डब्ल्यूसीएम) 1838 कर्नाटक 8.0
11 अन्विता साठी 1945 कर्नाटक 8.0
12 लीह आर जोसेफ 1690 कर्नाटक 8.0
13 आद्य रंगनाथ (डब्ल्यूसीएम) 1788 कर्नाटक 8.0
14 श्रीनिका एस 1770 तमिलनाडु 8.0
15 मान्या अभिषेक ड्रोलिया 1854 गुजरात 8.0

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News