मध्यप्रदेश ने महाराष्ट्र को हराकर जीता महिला हॉकी खिताब

punjabkesari.in Friday, Dec 27, 2019 - 10:21 PM (IST)

झांसी : मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी महाराष्ट्र को शुक्रवार को 2-0 से हराकर अखिल भारतीय प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। यहां ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए फाइनल में विजेता मध्य प्रदेश की तरफ से नीरज राणा ने 39वें मिनट में पहला मैदानी गोल किया जबकि इशिका चौधरी ने 44वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर दूसरा गोल कर मध्य प्रदेश को 2-0 की बढ़त दिला दी। मध्य प्रदेश ने इस बढ़त को अंत तक कायम रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। 

विजेता मध्य प्रदेश को दो लाख रूपए और उपविजेता महाराष्ट्र को एक लाख रूपए की पुरस्कार राशि मिली। उत्तर रेलवे ने खेल छात्रावास लखनऊ को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। उतर रेलवे की टीम को 50 हजार रूपए मिले। उत्तर रेलवे के लिए श्यामा तिरगम ने 15वें और 30वें मिनट में दो गोल किये जबकि प्रियंका वानखेड़े ने 52वें मिनट में तीसरा गोल किया। 

मध्य प्रदेश की इशिका चौधरी को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। इसी टीम की गोलकीपर बिच्छू देवी को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, करिश्मा यादव को सर्वश्रेष्ठ हाफबैक और अनुजा सिंह को सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का पुरस्कार मिला। महाराष्ट्र की संगई इबेमहल को सर्वश्रेष्ठ फुलबैक का पुरस्कार मिला। इन खिलाडिय़ों को दस-दस हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई।

समारोह समापन में मुख्य अतिथि सन इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन मयंक गुप्ता ने विजेता टीमों और खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया। मध्य प्रदेश महिला हाकी अकादमी की टीम को मिली इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी तथा संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ एस एस एल थाउसेन ने बधाई दी है।

Jasmeet