महेला जयवर्धने ने इस युवा खिलाड़ी को बताया मुंबई इंडियंस का एक्स फैक्टर
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 06:53 PM (IST)
नई दिल्ली : मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के युवा स्पिनर अल्लाह गजांफर का बचाव करते हुए उन्हें टीम का 'एक्स फैक्टर' बताया। 20 वर्ष के गजांफर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई के पहले मैच में 51 रन दिए थे।
जयवर्धने ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई के मैच से पूर्व कहा, 'वह भविष्य का खिलाड़ी है। उसका कद इतना अच्छा है कि वह कमाल कर सकता है। वह बेहतर प्रदर्शन करेगा।' उन्होंने कहा, 'इसके लिए उसे अनुभव की जरूरत है। उसे श्रीलंका के खिलाफ खेलना था लेकिन टूर्नामेंट रद्द हो गया। मैं चिंतित नहीं हूं। उसने अच्छी गेंदबाजी की। पूरे मैच में चार पांच खराब गेंदों का उसे खामियाजा भुगतना पड़ा।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस तरह का एक्स फैक्टर गेंदबाज टीम में है। उनके अलावा मिचेल सेंटनेर, विल जैक्स और मयंक मार्कडेय भी टीम में है जिससे अलग अलग हालात में अलग संयोजन आजमा सकते हैं। टूर्नामेंट में बाद के दौर में।' पांच बार की चैम्पियन मुंबई ने आखिरी बार 2020 में खिताब जीता था लेकिन जयवर्धने ने कहा कि टीम के प्रदर्शन में निरंतरता है। उन्होंने कहा, 'दस टीमों के होने से प्रतिस्पर्धा कड़ी है। लेकिन पिछले पांच साल में हम दो या तीन बार प्लेआफ में पहुंचे हैं । एक टीम के तौर पर हमें पता है कि हमने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।'

