महेंद्र सिंह धोनी ने किया संन्यास का ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2020 - 09:28 PM (IST)

नई दिल्ली : टीम इंडिया को 2011 का क्रिकेट विश्व कप दिलाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने संन्यास ले लिया है। धोनी 2019 क्रिकेट विश्व कप के बाद से टीम इंडिया से बाहर थे। ऐसे में उनके संन्यास लेने के कयास लग रहे थे। अब जब आईपीएल अगले महीने होना निश्चित हो गया है तो ऐसे में धोनी से जुड़ी सबसे बड़ी खबर सामने आ गई। अब वह संभवत: आईपीएल पर ही ध्यान देंगे।
धोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाऊंट पर एक वीडियो अपलोड की है जिसमें अपनी लाइफ जर्नी दिखाई है। खास बात यह है कि धोनी की उक्त वीडियो को पहले 30 मिनट में ही करीब 11 लाख लाइक मिल गए थे। देखें पोस्ट

View this post on Instagram

Thanks a lot for ur love and support throughout.from 1929 hrs consider me as Retired

A post shared by M S Dhoni (@mahi7781) on

धोनी की वीडियो एक गाने से शुरू होती है। यह गाना है-
मैं पल दो पल का शायर हूं
पल दो पल मेरी कहानी है
पल दो पल मेरी हस्ती है
पल दो पल मेरी जवानी है
मैं पल दो पल का शायर हूं...

यह गाना 1976 की फिल्म कभी-कभी का है। इस गाने को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन पर फिल्माया गया था। धोनी ने पिछले साल भी एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान यह गीत गाया था। खास बात यह थी कि धोनी ने इससे पहले जब कोई बात बिगड़ जाए कोई मुश्किल पड़ जाए, गीत भी गाया था। 

धोनी के आईपीएल के 13वें संस्करण में खेलने की उम्मीद है जिसके लिए वह रांची से चेन्नई पहुंच चुके हैं। चेन्नई में चेन्नई सुपरकिंग्स का छह दिन कंडीशनिंग शिविर लगना है। तीन बार के आईपीएल विजेता धोनी चेन्नई टीम के कप्तान हैं। धोनी ने चेन्नई आने से पहले अपने गृहनगर रांची में कोरोना टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद वह शुक्रवार को चेन्नई के लिए रवाना हुए थे।

2007 में अपनी कप्तानी में पहला टी-20 विश्व कप जीतने वाले धोनी ने भारत को 28 साल के लम्बे अंतराल के बाद 2011 में एकदिवसीय विश्व चैंपियन बनाया था। भारत ने उनकी कप्तानी में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती है और टीम इंडिया उनकी कप्तानी में टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक भी बनी थी।

इंग्लैंड में पिछले साल हुए वनडे विश्व कप के बाद से ही लगातार धोनी के संन्यास की अटकलें चलती रही थीं लेकिन धोनी ने इन अटकलों पर कभी प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की थी और इस मुद्दे पर लगातार खामोश रहे थे। पिछले महीने सात जुलाई को 39 वर्ष के हुए धोनी ने अपने संन्यास का एलान करने के लिए स्वतंत्रता दिवस का दिन चुना और इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालकर सबको चौंका दिया। 

माही के नाम से मशहूर धोनी ने मार्च में अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं लेकिन पहले लॉकडाउन के कारण चेन्नई ने अपना शिविर बंद किया और माही अपने गृहनगर रांची लौट गए थे। आईपीएल के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाने के कारण धोनी के संन्यास को लगातार अटकलें लग रही हैं लेकिन धोनी ने इस मामले में गहन चुप्पी साध रखी थी।

आईपीएल का 19 सितम्बर से 10 नवम्बर तक संयुक्त अरब अमीरात में आयोजन होना है और आईपीएल की तैयारियां शुरू होने से पहले ही धोनी ने एलान कर दिया कि अब से उन्हें रिटायर माना जाए।       

धोनी का क्रिकेट करियर

Jasmeet