IND vs NZ: टीम इंडिया को झटका, हर्षित राणा और हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट
punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 04:41 PM (IST)
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड सीरीज से पहले दोहरा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की वापसी में एक बार फिर देरी हो गई है। दोनों की फिटनेस को लेकर सामने आए नए अपडेट से आगामी सीरीज में उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हर्षित राणा की वापसी में फिर देरी
हर्षित राणा को पहले अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज और फिर एशियन गेम्स 2026 से चोट के कारण बाहर होना पड़ा था। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, बाएं क्वाड्रिसेप्स में लगी चोट की रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया में देरी हुई है। ऐसे में राणा का न्यूजीलैंड सीरीज में खेलना मुश्किल माना जा रहा है।
वायरल बीमारी ने बढ़ाई परेशानी
राणा को 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान बाएं क्वाड्रिसेप्स में लो-ग्रेड स्ट्रेन हुआ था। वापसी की तैयारी के बीच अब उन्हें वायरल बीमारी, बुखार, सर्दी के लक्षण और गले में खराश की शिकायत भी हुई है। इसके चलते मेडिकल टीम ने उनका रिटर्न-टू-प्ले कार्यक्रम फिलहाल रोक दिया है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में लौट सकते हैं राणा
रिपोर्ट्स के अनुसार, राणा को पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही रिहैबिलिटेशन दोबारा शुरू करने की सलाह दी गई है। अब वह न्यूजीलैंड दौरे के बजाय घरेलू क्रिकेट से वापसी कर सकते हैं। उनका लक्ष्य अगले महीने दिल्ली के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलकर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटना हो सकता है।
हार्दिक पंड्या की दाईं पिंडली में फिर परेशानी
हार्दिक पंड्या की वापसी की राह में भी नया झटका लगा है। 19 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान उनकी दाईं पिंडली में दर्द हुआ, जिसके बाद सिमुलेशन रोक दिया गया। MRI में बहुत हल्का इंट्रामेडुलरी एडिमा पाया गया, जिसे मेडियल टिबियल स्ट्रेस सिंड्रोम से जुड़ी परेशानी बताया गया है। मेडिकल स्टाफ ने उन्हें 6-8 सप्ताह आराम की सलाह दी है।
न्यूजीलैंड सीरीज में खेलना मुश्किल
पंड्या आईपीएल 2026 के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेले हैं और ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए थे। भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से पांच टी20 इंटरनेशनल के साथ शुरू होगा, जिसके बाद वनडे और टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। मौजूदा स्थिति में दोनों खिलाड़ियों की अनुपस्थिति टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ा सकती है, हालांकि पंड्या के साल के अंत तक वापसी की उम्मीद बनी हुई है।

