IPL 2026: CSK को बड़ा झटका, स्टार ऑलराउंडर चोटिल होकर इंग्लैंड वापस लौटा
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 11:14 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: Chennai Super Kings को IPL 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज ऑलराउंडर Jamie Overton दाएं जांघ की चोट के कारण इंग्लैंड लौट गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने बुधवार रात सोशल मीडिया के जरिए इस बात की पुष्टि की। CSK ने अपने बयान में कहा, 'जेमी ओवरटन को दाईं जांघ में चोट लगी है और आगे की जांच व इलाज के लिए वह इंग्लैंड लौट रहे हैं।'
हालांकि फ्रेंचाइजी ने यह साफ नहीं किया कि ओवरटन पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं या नहीं, लेकिन बाकी लीग मुकाबलों में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है।
प्लेऑफ की रेस में CSK को तगड़ा झटका
पांच बार की चैंपियन CSK फिलहाल 11 मैचों में 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। Ruturaj Gaikwad की कप्तानी वाली टीम अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। चेन्नई को अब अपना अगला मुकाबला Lucknow Super Giants के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेलना है, लेकिन उससे पहले ओवरटन का बाहर होना टीम के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
इस सीजन CSK के लिए रहे अहम खिलाड़ी
जेमी ओवरटन इस सीजन CSK के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 14 विकेट लेकर टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज का स्थान हासिल किया। ओवरटन ने 17.78 की औसत और 8.89 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ चेपॉक में खेले गए मैच में उन्होंने 3 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई थी और प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए थे।
गेंद और बल्ले दोनों से निभाई जिम्मेदारी
ओवरटन सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी रन बनाकर भी टीम का संतुलन बनाए हुए थे। ऐसे में उनका बाहर होना CSK के लिए दोहरा नुकसान माना जा रहा है। उनकी गैरमौजूदगी में टीम मैनेजमेंट को गेंदबाजी आक्रमण में नए विकल्प तलाशने होंगे।
पहले से चोटों से जूझ रही है CSK
CSK का यह सीजन पहले ही चोटों से प्रभावित रहा है। Nathan Ellis, Khaleel Ahmed, आयुष म्हात्रे और रामकृष्ण घोष पहले से टीम से बाहर चल रहे हैं। वहीं MS Dhoni भी पिंडली की चोट के कारण मैदान से दूर हैं। ऐसे में ओवरटन का बाहर होना टीम की मुश्किलें और बढ़ा सकता है।

