ऋषभ पंत को बचाने वाले मसीहे ने खाया जहर, गर्लफ्रेंड की हुई मौत, जानें मामला
punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2025 - 06:26 PM (IST)
खेल डैस्क : स्टार भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को साल 2022 में हुए भयंकर कार हादसे में रजत कुमार नाम के एक शख्स ने बचाया था। अब खबर आई है कि रजत ने शादी न होने पर गर्लफ्रेंड संग खुदकुशी की कोशिश की है। घटना उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुच्चा बस्ती गांव की है। इस हादसे में गर्लफ्रेंड की मौत हो गई है तो वहीं, रजत अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के घरवाले उनकी शादी को तैयार नहीं थे इसी वजह से प्रेमी जोड़े ने यह कदम उठा लिया।
माना जा रहा है कि प्रेमी जोड़ा एक ही जाति से नहीं है इस कारण दोनों के घरवाले राजी नहीं थे। दोनों के घरवालों ने उनकी शादी कहीं और तय कर दी थी। रजत और उनकी गर्लफ्रेंड मनु कश्यप इसी से नाराज थे। इसी के कारण उन्होंने यह खतरनाक कदम उठा लिया। वहीं, मनु के अंतिम संस्कार के बाद उसकी मां ने थाने में रजत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि रजत ने उनकी बेटी को किडनैप किया और फिर जहर देकर मार दिया।
उधर, मामले संबंधी मुजफ्फरनगर एसपी सत्यनारायण प्रजापत का कहना है कि हमें महिला के परिवार से लिखित शिकायत मिली है। इसमें रजत पर उसे जहर देने का आरोप लगाया गया है। वहीं, रजत की हालत पर डॉ. दिनेश त्रिपाठी का कहना है कि दोनों ने कीटनाशक पीया था। मनु को उनके परिवार वाले इलाज दौरान किसी और अस्पताल में ले गए। लेकिन रजत हमारे पास रहा। अब रजत की हालत में सुधार है।
बता दें कि दिसंबर 2022 में क्रिकेटर ऋषभ पंत जब दिल्ली से उत्तराखंड जा रहे थे तब रुड़की के पास उनकी कार का डिवाइडर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी। मौके पर रजत थे जिन्होंने अपने साथी नीशू के साथ मिलकर पंत की जान बचाई। दोनों पास की एक फैक्टरी में काम कर रहे थे, जब पंत का एक्सिडेंट हुआ। इसके बाद दोनों ने पंत को गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पंत ने जान बचाने के लिए दोनों को स्कूटर भी गिफ्ट किया था।