''ऐसा लग रहा है जैसे मैं दुनिया के शिखर पर हूं'', मानव सुथार का डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के बाद पहला बयान

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 04:18 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट अपने नाम किए जिसमें पहली पारी में 33 रन देकर 6 विकेट भी शामिल हैं। उनके इसी प्रदर्शन की बदौलत भारत को अफगानिस्तान को पारी और 300 रन के बड़े अंतर से हराने में मदद मिली। इस शानदार डेब्यू के बाद सुथार को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला जिसके बाद उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे मैं दुनिया के शिखर पर हूं। 

सुथार ने कहा, 'यह एक अद्भुत एहसास है। ऐसा लग रहा है जैसे मैं दुनिया के शिखर पर हूं। जब मैं बल्लेबाजी करने उतरा, तो कुछ गेंदें खेलने के बाद मुझे अच्छा महसूस हुआ और जब मैंने पहला ओवर डाला, तो मैं उसी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना चाहता था। मैंने अपनी मुख्य गेंदबाजी शैली (स्टॉक डिलीवरी) पर भरोसा बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन मुझे समझ आ गया कि पिच थोड़ी धीमी है, इसलिए मुझे ज्यादा जोर लगाना पड़ा। उस पल के जोश में मुझे लगा कि यह बिल्कुल साफ आउट (plumb) था (मुस्कुराते हुए)। एक ही जगह पर लगातार गेंदबाजी करना जरूरी है। टेस्ट क्रिकेट धैर्य का खेल है, इसलिए मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी गेंदबाजी में निरंतरता बनाए रख सकूंगा।' 

गौर हो कि मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहली पारी में 152 रन पर आउट होने के बाद फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी मात्र 112 रन पर सिमट गई। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी। भारत की ओर से पदार्पण मैच खेल रहे मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पहली पारी में 22 ओवर में 33 रन देकर छह विकेट झटके। वाशिंगटन सुंदर ने अफगानिस्तान की दूसरी पारी में चार विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कुलदीप यादव को तीन विकेट मिले।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News