SL vs IND : मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में 10 विकेट लेकर किया हैरान, हरभजन-अश्विन को छोड़ा पीछे
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 04:00 PM (IST)
गॉल : युवा भारतीय स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर मानव सुथार ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने दिग्गज खिलाड़ियों हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ते हुए श्रीलंका में सबसे अच्छे मैच आंकड़े वाले भारतीय गेंदबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इन दो दिग्गजों के बाद मुथार श्रीलंका में 10 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज भी बन गए। सुथार ने यह उपलब्धि गाले में श्रीलंका के खिलाफ भारत के पहले टेस्ट मैच के दौरान हासिल की।
सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में 76 रन देकर 4 विकेट लिए, जिसमें श्रीलंका के सबसे अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल का अहम विकेट भी शामिल था। दूसरी पारी में उन्होंने और भी घातक गेंदबाजी की, शुरुआती दो विकेट लेने के बाद उन्होंने सिर्फ 10 गेंदों में श्रीलंका के निचले क्रम (lower order) को ध्वस्त कर दिया और 55 रन देकर 6 विकेट लिए।
131 रन देकर 10 विकेट (10/131) के आंकड़े के साथ उन्होंने हरभजन (2008 में गाले में 10/153) और अश्विन (2015 में गाले में 10/160) को पीछे छोड़ दिया है। वह श्रीलंका में 10 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय और उस देश में सबसे अच्छे आंकड़े वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
मैच की बात करें तो मानव सुथार (छह विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बुधवार को पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन भोजनकाल के बाद श्रीलंका की पूरी टीम को दूसरी पारी में 206 रनों पर समेट कर मुकाबला 165 रनों से अपने नाम कर लिया। यह 600वें टेस्ट में भारत की ऐतिहासिक जीत है। इससे पहले रवींद्र जडेजा और प्रसिद्ध कृष्णा ने सुबह के सत्र में भारत को दो सफलताएं दिलाई, जिससे भोजनकाल के समय तक श्रीलंका का दूसरी पारी में स्कोर छह विकेट पर 175 रन हो गया था।
आज यहां श्रीलंका ने चार विकेट पर 84 रन से आगे खेलना शुरु किया। कप्तान धनंजय डीसिल्वा और सोनल दिनुशा ने संभल कर खेलते हुए स्कोर को 156 रन तक ले गये 56वें ओवर की दूसरी गेंद पर रवींद्र जडेजा ने धनंजय डीसिल्वा का शिकार कर भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई। धनंजय डिसिल्वा ने 151 गेंदों में सात चौके लगाते हुए (59) रन बनाये। इसके बाद 60वें ओवर की आखिरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने नये बल्लेबाज निरोशन डिकवेला (10) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई।
भोजनकाल के बाद मानव सुथार ने शतक की ओर बढ़ रहे सोनल दिनुशा को आउटकर श्रीलंका को बैकफुट पर धेकल दिया। सोनल दिनुशा को 128 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए (84) रनों की पारी खेली। इसके बाद सुथार ने 76वें ओवर में प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा को खाता भी खोलने का मौका नहीं दिया। सुथार ने 78वें ओवर की चौथी गेंद पर केशरा नुवंता (20) का शिकार कर श्रीलंका की दूसरी पारी का 206 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। भारत की ओर से मानव सुथार ने 23.4 ओवरों मे 56 रन देकर छह विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

