मनदीप सिंह का फर्स्ट क्लास में 14वां शतक, हरियाणा के खिलाफ पंजाब मजबूत स्थिति में

punjabkesari.in Thursday, Feb 24, 2022 - 05:13 PM (IST)

खेल डैस्क : रणजी ट्रॉफी के दौरान पंजाब की ओर से खेल रहे मनदीप सिंह ने हरियाणा के खिलाफ शतक जड़ दिया है। मनदीप का यह शतक तब आया जब पंजाब की टीम 43 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। मनदीप ने एक छोर संभालते हुए विकेट के चारों ओर शॉट लगाए और लगातार रन बनाए। मनदीप ने इस दौरान अनमोल मल्होत्रा के साथ मिलकर 224 गेंदों में 163 रन की साझेदारी भी की। अनमोल शतक बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, मनदीप पहले दिन का खेल खत्म होने तक 130 रन बनाकर खेल रहे हैं। पंजाब ने 88 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए हैं।

इससे पहले पंजाब का दिन की पहली ही गेंद पर झटका लग गया था जब अंशुल कम्बोज की गेंद पर प्रभसिमरण सिंह चाहल को कैच थमा बैठे। लेकिन तभी कप्तान अभिषेक शर्मा ने अनमोलप्रीत सिंह के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। लेकिन पारी को मजबूत आधार मनदीप ने दिया। उन्होंने पहले गुरकीरत फिर अनमोल मल्होत्रा के साथ मिलकर स्कोर आगे बढ़ाया। गुरकीरत ने इस दौरान 46 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 48 रन बनाए। जबकि अनमोल ने 128 गेंदों में 14 चौके और दो छक्कों की मदद से 100 रन बनाए।

बता दें कि मनदीप के भारत के लिए फस्र्र्ट क्लास में 14 शतक हो गए हैं। उन्होंने अब तक 80 मैचों में 5500 से ज्यादा रन बनाए हैं। मनदीप आईपीएल में भी लंबे समय से सक्रिय हैं। वह पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेल चुके हैं। इस बार वह 1.10 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स के साथ हैं।

Content Writer

Jasmeet