निशानेबाज मनु भाकर का BJP से सवाल- क्या यह भी जुमला था

punjabkesari.in Friday, Jan 04, 2019 - 08:31 PM (IST)

नई दिल्लीः  सरकार द्वारा घोषित ईनामी राशि न मिलने का दर्द अब मनु भाकर को भी सता रहा है। दरअसल मनु ने यूथ ओलिम्पिक के शूटिंग इवेंट में भारत के लिए गोल्ड मैडल जीता था। तब बीजेपी की हरियाणा सरकार के खेल मंत्री अनिल विज ने गोल्ड मैडल लाने वाले खिलाड़ियों को दो करोड़ रूपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी। लेकिन इवैंट के 3 महीने बाद भी नकद पुरुस्कार न मिलने पर आखिरकार भाकर का सब्र टूट गया है। उन्होंने ट्विट कर सीधा-सीधा खेल मंत्री अनिल विज का घेरा है। भाकर ने खिलाड़ियों को नकद ईनाम देने का अनिल विज के ट्विट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा है- सर, कृप्या कंफर्म कर दें यह सच है या नहीं या फिर यह जुमला है। 
         
    

मनु जब युवा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं तब विज ने ट्वीट किया, ‘‘मनु भाकर को युवा ओलंपिक में निशानेबाजी का स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई। ’’ उन्होंने कहा था, ‘‘हरियाणा सरकार मनु भाकर को स्वर्ण पदक जीतने के लिए दो करोड़ रूपए का नकद पुरस्कार देगी। पिछली सरकार पहले केवल 10 लाख रूपए दिया करती थी। ’’
         

योगेश्वर के ट्वीट को भी किया रीट्वीट

मनु इतनी नाराज दिखीं कि उन्होंने पहलवान योगेश्वर दत्त के भी एक पुराने ट्वीट को रीट्वीट कर बीजेपी सरकार को जगाने की कोशिश की। योगेश्वर ने तब हरियाणा सरकार के खेल विभाग के सचिव के फैसले पर सवाल उठाते हुए उसे तुगलकी फरमान बताया था. मनु भाकर ने उस पर लिखा कि उस समय मैं बात समझने के लिए काफी छोटी थी.. लेकिन आज मैं समझ पा रही हूं कि वो क्या साबित करना चाहते थे... कुछ लोग खुद को हमेशा साबित करना चाहते हैं भले ही वो गलत हों। बैड लक हरियाणा।

Rahul