नीतू के मुक्के से लड़खड़ा कर गिरीं Mary Kom, पैर में लगी चोट, राष्ट्रमंडल खेलों से हुईं बाहर

punjabkesari.in Friday, Jun 10, 2022 - 08:28 PM (IST)

नई दिल्ली : अनुभवी भारतीय मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को घुटने में चोट लगने के बाद राष्ट्रमंडल खेलों के 48 किग्रा के ट्रायल के बीच में ही हटने के लिए मजबूर होना पड़ा। 6 बार की विश्व चैंपियन 48 किग्रा सेमीफाइनल के पहले राऊंड में अपना बायां घुटना मुड़ा बैठीं। इससे वह राष्ट्रमंडल खेलों में नहीं खेल पाएंगी जिसमें वह पिछले 2018 चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज बनी थीं। उनके हटने से हरियाणा की नीतू ने यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में राष्ट्रमंडल खेलों के ट्रायल के फाइनल में प्रवेश किया।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने एक बयान में कहा कि 6 बार की विश्व चैम्पियन मैरीकॉम को लगी चोट के कारण 2022 राष्ट्रमंडल खेलां के लिए चल रहे महिला मुक्केबाजी ट्रायल्स से हट गई हैं। लंदन ओलिम्पिक की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम को बाऊट के पहले ही दौर में रिंग में गिर गई। 39 साल की इस खिलाड़ी ने उठकर प्रतिस्पर्धा करने की कोशिश की लेकिन एक दो मुक्का लगने के बाद उनका संतुलन बिगड़ गया और वह बायां पैर पकड़ कर बैठ गई। उन्हें इसके बाद रिंग से बाहर जाना पड़ा और रेफरी ने नीतू को विजेता घोषित कर दिया।

इस साल अपने पदार्पण में प्रतिष्ठित स्ट्रैंद्जा मेमोरियल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली नीतू का सामना अब राष्ट्रमंडल खेलों की टीम में जगह बनाने के लिए मंजू रानी से होगा। सबसे सफल भारतीय मुक्केबाज ने अगले महीने बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों पर ध्यान देने के लिए विश्व चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों से नाम वापस ले लिया था।

मणिपुर की इस मुक्केबाज के घुटने पर पट्टी बांधी गई और स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया। मैरीकॉम का पिछला टूर्नामेंट टोक्यो ओलिम्पिक था जिसमें वह प्री क्वार्टर तक पहुंची थीं और कड़ी चुनौती देने के बाद हार गई थीं। कई बार एशियाई स्वर्ण पदक विजेता मैरीकॉम ने अगले महीने बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों पर ध्यान लगाने के लिए पिछले महीने समाप्त हुई विश्व चैम्पियनशिप और स्थगित हुए एशियाई खेलों से भी हटने का फैसला किया था।

Content Writer

Jasmeet