यात्रा प्रतिबंधों से बचने के लिए इटली में अभ्यास करेगी मेरीकॉम

punjabkesari.in Tuesday, Jun 29, 2021 - 04:18 PM (IST)

नई दिल्ली : कोविड-19 महामारी को देखते हुए भारत से तोक्यो की यात्रा पर जाने वालों पर लगाए गए अतिरिक्त प्रतिबंधों को देखते हुए छह बार की विश्व चैंपियन एमसी मेरीकॉम ने ओलंपिक में भाग लेने वाली भारतीय मुक्केबाजी टीम के साथ इटली में अभ्यास करने का निर्णय किया है। 

मेरीकॉम एक या दो दिन में असीसी के लिये रवाना हो जाएगी जहां ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले आठ अन्य मुक्केबाज अभ्यास कर रहे हैं। ये सभी वहीं से तोक्यो के लिए रवाना होंगे। लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मेरीकोम अभी तक पुणे के सेना खेल संस्थान में अभ्यास कर रही थी। तोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे। 

मेरीकॉम ने कहा, ‘मैंने अपना कार्यक्रम बदल दिया है। मैं दिल्ली वापस लौटकर कल या परसों तक इटली के लिए रवाना हो जाऊंगी। भारत से यात्रा करने वालों पर पृथकवास के कड़े नियम लागू होंगे। मैं इनसे बचना चाहती हूं।’ उन्होंने कहा, ‘लंबे समय से इतनी कड़ी मेहनत करने के बाद जोखिम लेने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि कड़े पृथकवास से लय टूट सकती है।’  

मेरीकॉम के साथ उनके निजी कोच छोटे लाल यादव और फिजियो भी जाएंगे। जापान सरकार ने भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों से तोक्यो रवाना होने से एक सप्ताह पहले से प्रतिदिन कोविड-19 का परीक्षण करने और आगमन के बाद तीन दिन तक किसी अन्य देश के नागरिक से संपर्क नहीं करने के लिए कहा है। भारत के अलावा 10 अन्य देशों के लिए ऐसे कड़े नियम बनाये गए हैं लेकिन यह नियम उन खिलाड़ियों और अधिकारियों पर लागू नहीं होगा जो इटली जैसे किसी अन्य देश से सीधे तोक्यो पहुंचेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News