IPL 2026: 150 की रफ्तार नहीं, पहले रिदम पर काम करेंगे मयंक यादव: LSG बॉलिंग कोच
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 10:54 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज Mayank Yadav को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। टीम के बॉलिंग कोच Bharat Arun ने कहा कि मयंक अभी तुरंत 150 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी नहीं करेंगे, बल्कि पहले अपनी रिदम और फिटनेस पर ध्यान देंगे।
10 महीने से ज्यादा समय से नहीं खेला प्रतिस्पर्धी क्रिकेट
मयंक यादव लंबे समय से चोट के कारण क्रिकेट से दूर रहे हैं। ऐसे में कोच का मानना है कि इतने लंबे ब्रेक के बाद सीधे 150+ की स्पीड से गेंदबाजी करना आसान नहीं होता। फिलहाल मयंक करीब 140 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं, जिसे कोच ने अच्छी स्पीड बताया है।
कोच भारत अरुण ने कहा, 'मयंक ने लंबे समय तक गेंदबाजी नहीं की है। कोई भी गेंदबाज चोट के बाद तुरंत 150 की स्पीड नहीं डाल सकता। अभी वह अच्छी रिदम में 140 के आसपास गेंदबाजी कर रहा है, जो बहुत अच्छी स्पीड है। अगर वह अपने एक्जीक्यूशन पर काम करेगा तो स्पीड अपने आप बढ़ जाएगी।'
LSG के पास तेज गेंदबाजों की मजबूत फौज
भारत अरुण ने कहा कि Lucknow Super Giants के पास इस बार कई शानदार भारतीय तेज गेंदबाज हैं और उनका काम इस टैलेंट को सही दिशा देना है। उन्होंने कहा, 'हमारे पास कई प्रतिभाशाली भारतीय तेज गेंदबाज हैं। इन खिलाड़ियों को उनकी क्षमता तक पहुंचाना एक बड़ा चैलेंज है और मुझे चैलेंज पसंद है।'
मोहम्मद शमी के नेतृत्व में तेज आक्रमण
भारत अरुण ने बताया कि इस बार टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है, जिसमें Mohammed Shami का अनुभव टीम के काम आएगा। इसके अलावा प्रिंस यादव, आवेश खान, मोहसिन खान, नमन तिवारी और अर्जुन तेंदुलकर जैसे गेंदबाज भी टीम में शामिल हैं। कोच के अनुसार हर गेंदबाज अलग तरह का है और टीम के लिए यह अच्छी बात है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहला मैच
LSG IPL 2026 में अपना पहला मैच Delhi Capitals के खिलाफ 1 अप्रैल को खेलेगी। यह मैच लखनऊ के होम ग्राउंड पर खेला जाएगा। पिछले रिकॉर्ड की बात करें तो LSG पिछले चार मैचों में दिल्ली से हार चुकी है, ऐसे में इस बार टीम जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। दिल्ली टीम की कप्तानी Axar Patel कर रहे हैं।

