टीम इंडिया में बड़ा बदलाव तय, गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाफ का वरिष्ठ सदस्य छोड़ सकता है पद
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 03:27 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार टी20 सीरीज हारने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग सेटअप में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाफ का एक वरिष्ठ सदस्य अनुबंध बाकी होने के बावजूद टीम से अलग हो सकता है। वहीं, सपोर्ट स्टाफ के एक अन्य सदस्य का भविष्य भी फिलहाल अनिश्चित बताया जा रहा है।
कई महीनों से चल रही है बदलाव की तैयारी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार यह फैसला हालिया हार का तत्काल असर नहीं है, बल्कि पिछले कई महीनों से इस पर अंदरूनी स्तर पर चर्चा चल रही थी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि संबंधित कोच की बातचीत एक ऐसी IPL फ्रेंचाइजी से भी चल रही है, जिसकी दुनिया की कई टी20 लीगों में टीमें हैं।
गौतम गंभीर के साथ जुड़े थे करीबी सहयोगी
गौतम गंभीर ने 2024 टी20 विश्व कप के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके साथ रयान टेन डोशेट और अभिषेक नायर को सहायक कोच बनाया गया, जबकि बाद में मोर्ने मोर्कल गेंदबाजी कोच के रूप में जुड़े। इन तीनों को दो साल का अनुबंध दिया गया था, जिसमें एक साल के विस्तार का विकल्प भी शामिल था। गंभीर के साथ ये सभी पहले IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ काम कर चुके थे, इसलिए इन्हें उनकी पसंद माना गया था।
अभिषेक नायर पहले ही हो चुके हैं बाहर
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सहायक कोच अभिषेक नायर को पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह सितांशु कोटक को बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया। इसके बाद से टीम मैनेजमेंट में बदलाव की चर्चाएं लगातार जारी हैं।
VVS लक्ष्मण को जिम्मेदारी मिलने से बढ़ीं अटकलें
BCCI ने जिम्बाब्वे टी20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए गौतम गंभीर के नियमित कोचिंग स्टाफ की बजाय वीवीएस लक्ष्मण को टीम की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा साईराज बहुतुले की सक्रिय भूमिका ने भी इस बात को हवा दी है कि बोर्ड सपोर्ट स्टाफ में बदलाव पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
ड्रेसिंग रूम में मतभेद की भी चर्चा
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टीम चयन को लेकर कोचिंग स्टाफ और चयन समिति के बीच मतभेद बढ़े हैं। साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज हारने के बाद ड्रेसिंग रूम का माहौल भी पहले जैसा सकारात्मक नहीं रहा।
कौन हो सकता है बाहर?
हालांकि रिपोर्ट में किसी कोच का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन पिछले कुछ समय से गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और सहायक कोच रयान टेन डोशेट के भविष्य को लेकर सवाल उठते रहे हैं। माना जा रहा है कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया का कोचिंग सेटअप नए रूप में नजर आ सकता है।

