मेस्सी ने पेनल्टी पर गोल दागा, अर्जेन्टीना ने आइसलैंड को हराया

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 11:35 AM (IST)

ऑबर्न (अलबामा) : लियोनल मेस्सी अपने छठे विश्व कप के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और उनके पेनल्टी पर दागे गोल की बदौलत गत चैंपियन अर्जेन्टीना ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से पहले अपने अंतिम तैयारी मैच में आइसलैंड को 3-0 से हराया। 

मांसपेशियों की चोट से उबरने के बाद अर्जेन्टीना के कप्तान मेस्सी इस मुकाबले के दौरान 20 मिनट तक मैदान पर रहे। अपने 39वें जन्मदिन और छठे विश्व कप से कुछ दिन पहले मेस्सी ने मुकाबले की शुरुआत स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में की। मेस्सी 70वें मिनट में मैदान पर उतरे और लोटारो मार्टिनेज के खिलाफ फाउल के लिए मिली पेनल्टी को 72वें मिनट में गोल में बदला। 

मेस्सी 117 गोल के साथ अर्जेन्टीना की ओर से सबसे अधिक गोल करने वाली खिलाड़ी हैं। वर्ष 1978, 1986 और 2022 के चैंपियन अर्जेन्टीना की नजरें अपने चौथे विश्व खिताब पर टिकी हैं। टीम ग्रुप जे में अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को कन्सास सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ करेगी। इस ग्रुप की अन्य टीम ऑस्ट्रिया और जोर्डन है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev