IPL 2026 : सूर्यकुमार यादव को नहीं मिली प्लेइंग XI में जगह, KKR के खिलाफ बनाया इम्पैक्ट प्लेयर
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 08:36 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियंस के 'इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट' खिलाड़ियों में शामिल किया गया जबकि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। पिछले साल रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए कई मैचों में 'इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट' के तौर पर खेला था।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सूर्यकुमार को शुरुआती इलेवन में शामिल नहीं किया गया था और उम्मीद है कि लक्ष्य का पीछा करते समय उन्हें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। मुंबई ने अफगानिस्तान के स्पिनर AM गजनफर को डेब्यू का मौका दिया। शार्दुल ठाकुर और शेरफेन रदरफोर्ड ने भी इस फ्रेंचाइजी के लिए अपना पहला मैच खेला। टीम ने पिछले सीजन में 14 पारियों में 388 रन बनाने वाले रयान रिकेल्टन को क्विंटन डी कॉक पर तरजीह दी। ट्रेंट बोल्ट को चौथे विदेशी खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया गया।
गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं, जिन्हें बोल्ट और शार्दुल का साथ मिल रहा है। मयंक मारकंडे और गजनफर स्पिन गेंदबाजी के विकल्प हैं। टॉस के समय हार्दिक ने कहा, 'यह पिच काफी अच्छी लग रही है; यह आमतौर पर जितनी हरी होती है, उससे थोड़ी ज्यादा हरी दिख रही है, तो देखते हैं क्या होता है। यह हमारा किला है, यह हमारा घरेलू मैदान है और हमें उम्मीद है कि हम दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। हमने अपनी तैयारी दो हफ्ते पहले ही शुरू कर दी थी, इसलिए खिलाड़ियों को तैयारी के लिए काफी समय मिल गया है।'
प्लेइंग XI
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, एएम ग़ज़नफ़र, जसप्रित बुमरा, ट्रेंट बोल्ट
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट : सूर्यकुमार यादव, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, राज बावा, अश्विनी कुमार
कोलकाता नाइट राइडर्स : फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, ब्लेसिंग मुजरबानी
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट : मनीष पांडे, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे, रोवमैन पॉवेल

