IPL इतिहास के सबसे महान बल्लेबाज और गेंदबाज कौन? पूर्व कप्तान ने चुने नंबर-1 खिलाड़ी
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 03:03 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : आगामी Indian Premier League 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। टूर्नामेंट के 19वें सीजन से पहले IPL इतिहास के सबसे महान बल्लेबाज और गेंदबाज को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान Michael Vaughan ने इस बहस पर अपनी राय रखते हुए दो भारतीय खिलाड़ियों को सबसे महान करार दिया है।
IPL इतिहास के सबसे महान बल्लेबाज हैं विराट कोहली
माइकल वॉन ने IPL इतिहास के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज के रूप में Virat Kohli का नाम चुना। वॉन ने कहा कि लीग में कई शानदार बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन निरंतरता और लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन के कारण कोहली सबसे अलग नजर आते हैं।
उन्होंने कहा कि Chris Gayle, Suresh Raina, Rohit Sharma और Jos Buttler जैसे बल्लेबाजों ने भी IPL में शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन कोहली का रिकॉर्ड और प्रभाव सबसे खास रहा है।
वॉन ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, 'कई शानदार खिलाड़ी रहे हैं, यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल, सुरेश रैना, रोहित शर्मा और जोस बटलर। लेकिन अगर एक नाम चुनना हो तो वह विराट कोहली हैं। वह कई वर्षों से स्टार खिलाड़ी रहे हैं और अभी भी शानदार खेल रहे हैं।'
IPL के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के तौर पर जसप्रीत बुमराह का नाम
बल्लेबाज के बाद वॉन ने IPL के सबसे बेहतरीन गेंदबाज के रूप में Jasprit Bumrah को चुना। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के स्पिनर Rashid Khan और श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज Lasith Malinga भी शानदार रहे हैं, लेकिन उनके अनुसार बुमराह सबसे अलग हैं। वॉन के मुताबिक दबाव के क्षणों में बुमराह की सटीक गेंदबाजी और डेथ ओवरों में उनकी क्षमता उन्हें IPL इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनाती है।
मुंबई इंडियंस को बताया IPL की सबसे बड़ी टीम
वॉन का मानना है कि Mumbai Indians IPL इतिहास की सबसे सफल और रोमांचक टीम रही है। उनके मुताबिक इस टीम में हमेशा “वॉव फैक्टर” देखने को मिलता है और यही वजह है कि यह फ्रेंचाइजी लीग की सबसे बड़ी टीमों में गिनी जाती है।
कप्तानी के मामले में रोहित से आगे हैं धोनी
हालांकि Rohit Sharma और MS Dhoni दोनों ने अपनी-अपनी टीमों को पांच-पांच IPL खिताब दिलाए हैं, लेकिन वॉन कप्तानी के मामले में धोनी को थोड़ा आगे मानते हैं। उनके अनुसार धोनी की शांत नेतृत्व शैली और बड़े मैचों में फैसले लेने की क्षमता उन्हें खास बनाती है।
IPL इतिहास का सबसे यादगार पल
वॉन ने IPL इतिहास के सबसे यादगार पल के रूप में Shane Warne की कप्तानी में Rajasthan Royals के पहले सीजन में खिताब जीतने को बताया। उन्होंने कहा कि कम बजट वाली टीम होने के बावजूद वॉर्न ने खिलाड़ियों के समूह को शानदार तरीके से तैयार किया और 2008 में टीम को चैंपियन बनाया। वॉन के मुताबिक वही पल IPL इतिहास का सबसे खास और प्रेरणादायक क्षण है।

