राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए मीराबाई ने बढ़ाया वजन, इस नई कैटागिरी में खेलेंगी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 15, 2022 - 06:33 PM (IST)

नई दिल्ली : ओलिम्पिक रजत पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू अगले राष्ट्रमंडल खेलों में 55 किग्रा भार वर्ग में उतरेंगी। हालांकि चानू ने 49 किग्रा भार वर्ग में पिछले साल टोक्यो ओलिम्पिक खेलों का रजत पदक जीता था। उनके नाम पर क्लीन एवं जर्क में विश्व रिकार्ड भी है। 48 किग्रा वर्ग में भी वह विश्व चैम्पियनशिप 2017 का गोल्ड जीत चुकी हैं। उन्हें 2014 और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में इसी भार वर्ग में क्रमश: रजत और स्वर्ण पदक मिला था। लेकिन अब वह 55 किग्रा वर्ग में उतरेंगी।

नए फैसले पर मुख्य कोच विजय शर्मा और भारतीय भारोत्तोलन महासंघ को लगता है कि 27 वर्षीय चानू के पास 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में हमवतन सोरोखैबाम बिंद्यारानी देवी की तुलना में 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने का बेहतर मौका रहेगा। विंद्यारानी ने पिछले दिसंबर में राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। चानू ने कहा कि हमारी (कोच और महासंघ) बैठक हुई और हमने चर्चा की कि भारत को राष्ट्रमंडल खेल 2022 में महिलाओं के प्रत्येक भार वर्ग में पदक हासिल करना चाहिए।

मीराबाई ने कहा कि हमारे पास 4 से 5 स्वर्ण पदक जीतने का मौका रहेगा और इसलिए हमने फैसला किया कि मैं 55 किग्रा भार वर्ग में भाग लूंगी, ताकि हम इस भार वर्ग में एक स्वर्ण पदक जीत सकें। भारत के लिए 49 किग्रा वर्ग में झिली डालबेहरा उतरेंगी। उन्होंने राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। चानू का 49 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतना तय माना जा रहा था लेकिन 55 किग्रा में सोने का तमगा जीतने के लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी होगी। अपने फैसले पर मीराबाई ने कहा- मैं अपना वजन 50 से 51 किग्रा तक ही रखूंगी जो कि मेरा सामान्य वजन है।

Content Writer

Jasmeet