Tokyo Olympics: पदक जीतने के बाद बदली मीराबाई की किस्मत, जमकर हो रही पैसों की बरसात

punjabkesari.in Tuesday, Jul 27, 2021 - 05:22 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत को पहला पदक दिलाने वाली मीराबाई चानू सोमवार को अपने देश लौट आई है। भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारियों सहित अन्य लोगों ने उनका अभिनंदन किया। एयरपोर्ट भारत माता की जय के नारों के साथ गूंज उठा। मीराबाई चानू को बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोग उन्हें इस उपलब्धि पर लगातार बधाई दे रहे हैं। वही, सरकार की ओर से उन्हें पुरुस्कृत किया जा रहा है। वतन वापसी के साथ ही मीराबाई चानू पर पैसों की बरसात होना शुरू हो गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपनी कर्मचारी मीराबाई को 2 करोड़ रुपये के नकद इनाम के साथ-साथ प्रमोशन देने का ऐलान किया है। 

केंद्रीय रेल मंत्री ने मीराबाई की जमकर तारीफ की और कहा कि उनके इस कारनामे पर देश और इंडियन रेलवे को आप पर गर्व है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, मीराबाई चानू ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से करोड़ों भारतीयों को प्रेरित करने का काम किया है। मणिपुर की इस खिलाड़ी ने 49 किग्रा वर्ग में कुल 202 किग्रा (87 किग्रा + 115 किग्रा) भार उठाकर शनिवार को रजत पदक हासिल किया था। इससे पहले भारोत्तोलन में 2000 सिडनी ओलंपिक में कर्णम मल्लेश्वरी ने कांस्य पदक जीता था।


मणिपुर सरकार देगी एक करोड़ रुपए
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने सोमवार को घोषणा की कि तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली भारोत्तोलक मीराबाई चानू को राज्य पुलिस विभाग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उन्हें एक करोड़ रुपये का इनाम भी देगी।

 

खेल मंत्रालय ने भी किया सम्मानित
रेल मंत्री से पहले खेल मंत्रालय की ओर से भी मीराबाई चानू को सम्मानित किया गया। उनके सम्मान में खेल मंत्रालय की ओर से कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। 

 

 

Content Editor

rajesh kumar