Miss टी-20 : 3000 रन बनाने वाली पहली क्रिकेटर बनी सूजी बेट्स

punjabkesari.in Monday, Nov 19, 2018 - 12:21 PM (IST)

नई दिल्ली. न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की मेंबर सूजी बेट्स ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिस कारण उन्हें टी-20 की राजकुमारी का खिताब दिया जा सकता है। दरअसल महिला विश्व कप के दौरान सूजी बेट्स ने टी-20 क्रिकेट में 3 हजार रन पूरा करने का कारनामा कर दिखाया है। मजे की बात यह है कि अभी तक कोई भी पुरुष 3000 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया। ऊपर से बड़ी बात यह है कि पुरुष क्रिकेट में जिस मार्टिन गुप्टिल के सबसे ज्यादा रन है वह भी न्यूजीलैंड के ही हैं। बहरहाल बेट्स ने 108 मैचों की 105 पारियों में 30.68 की औसत से 3007 रन बनाए है। उनकी स्ट्राइक रेट 111.95 है, जबकि उनका बेस्ट स्कोर 124* रन है। इस दौरान वह 10 बार शून्य पर भी पवेलियन लौटी हैं। 

भारतीय क्रिकेटर बेट्स के रिकॉर्ड के आसपास भी नहीं है। मसलन भारत के लिए टी-20 में अभी सबसे ज्यादा रन रोहित शर्मा के नाम पर है। रोहित ने 87 मैच की 80 पारियों में 33.43 की औसत से 2207 रन बनाए हैं। रोहित का उच्चतम स्कोर 118 रन और स्ट्राइक रेट 138.36 है। वे टी-20 में चार शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं। लेकिन अभी तक वह टी-20 में 3 हजार रन पूरे नहीं कर पाए हैं जोकि सूजी बेट्स ने कर लिए हैं। बता दें कि सूजी बेट्स के बाद टी-20 की टॉप स्कोरर वेस्टइंडीज की स्टेफिनी टेलर हैं। टेलर ने 91  मैच की 90 पारियों में 36.42 की औसत से 2732 रन बनाए हैं। 

Jasmeet