मिचेल मार्श ने द हंड्रेड में रचा इतिहास, खास रिकॉर्ड बनाने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बने
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 12:32 PM (IST)
इंग्लैंड और वेल्स: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर मिशेल मार्श ने द हंड्रेड 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया है। सनराइजर्स लीड्स के लिए खेलते हुए मार्श ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के खिलाफ 23 गेंदों पर 32 रन की पारी खेली, जिसके साथ ही उनके इस सीजन में 400 रन पूरे हो गए। वह टूर्नामेंट के इतिहास में एक सीजन में यह आंकड़ा छूने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं।
मार्श ने रचा बड़ा रिकॉर्ड
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मुकाबले में मार्श ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 1 छक्का लगाया। इस पारी के बाद उनके नाम द हंड्रेड 2026 में कुल 406 रन हो गए। इसके साथ ही वह पुरुषों के द हंड्रेड में एक सीजन में 400 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। मार्श से पहले यह कारनामा इंग्लैंड के जेम्स विंस ने किया था। विंस ने 2024 सीजन में सदर्न ब्रेव के लिए 10 मैचों में 424 रन बनाए थे। इस तरह मार्श अब इस खास सूची में विंस के बाद दूसरे स्थान पर हैं और 400 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी हैं।
एक छक्के ने भी बनाया खास रिकॉर्ड
मार्श ने अपनी 32 रन की पारी के दौरान नूर अहमद की गेंद पर एक शानदार छक्का लगाया। यह छक्का उनके लिए एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आया। इस छक्के के साथ 2026 में उनके नाम टी20 क्रिकेट में कुल 94 छक्के हो गए। 94 छक्कों के साथ मार्श ने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 छक्के लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। उनसे पहले टिम डेविड ने 2025 में 56 मैचों में 94 छक्के लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया था। मार्श ने यह आंकड़ा सिर्फ 36 मैचों में हासिल किया है।
कई टी20 लीग में चला मार्श का बल्ला
मिशेल मार्श के लिए 2026 का साल टी20 क्रिकेट में बेहद शानदार रहा है। उन्होंने साल की शुरुआत पर्थ स्कॉर्चर्स के साथ बिग बैश लीग में की और टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद वह आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेले और फिर द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स का हिस्सा बने। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे। हालांकि, 2026 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 चरण से पहले ही बाहर हो गया, जबकि आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा और टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही।
2026 में मार्श का धमाकेदार प्रदर्शन
द हंड्रेड में 400 रन पूरे करने के साथ मार्श ने यह साबित कर दिया है कि इस साल टी20 क्रिकेट में उनका बल्ला लगातार आग उगल रहा है। विदेशी खिलाड़ी के तौर पर 400 रन का आंकड़ा पार करना और एक कैलेंडर ईयर में 94 छक्कों के ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड की बराबरी करना उनके शानदार फॉर्म को दर्शाता है।

