मिचेल स्टार्क ने आलोचकों पर निशाना साधा, शुरूआती IPL मैचों से वजह होने की वजह बताई
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 07:35 PM (IST)
नई दिल्ली : मिचेल स्टार्क ने IPL 2026 में अपने देरी से पहुंचने को लेकर चल रही बातों पर आलोचकों पर निशाना साधा और स्पष्ट किया कि सत्र की शुरुआत में उनकी अनुपस्थिति दिल्ली कैपिटल्स के प्रति प्रतिबद्धता की कमी वजह से नहीं बल्कि चोट प्रबंधन के कारण है। बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज अभी तक भारत नहीं पहुंचा है। इससे वह दिल्ली कैपिटल्स के शुरुआती मैच नहीं खेल पाएंगे। इससे विदेशी खिलाड़ियों की अपनी फ्रेंचाइजी के लिए प्रतिबद्धता को लेकर बहस छिड़ गई है।
इस बढ़ती आलोचना पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए स्टार्क ने शनिवार को एक बयान में कहा, 'भारतीय मीडिया में कुछ लोगों द्वारा अपने-अपने मंचों के जरिए दी गई राय और विचारों के बावजूद, बताना चाहता हूं कि मैं फिलहाल अपने कंधे और कोहनी की चोट से उबरने और प्रबंधन की प्रक्रिया में हूं जिसकी गंभीरता का मुझे गर्मियों के सत्र के दौरान अंदाजा नहीं था।'
उन्होंने कहा, 'इन लोगों ने IPL में मेरी भागीदारी को लेकर कुछ कड़े बयान दिए हैं। इन्होंने खिलाड़ियों के बारे में पूरी तरह से गलत जानकारी वाली राय दी है, उन्हें सच मानकर प्रचारित किया है। और उन्होंने दावा किया है कि वे मेरे शरीर को मुझसे बेहतर जानते हैं।'
इस 36 साल के खिलाड़ी ने पिछले IPL सत्र में 14 विकेट लिए थे। इस साल लीग की शुरुआत में उपलब्ध नहीं होने के लिए उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी से माफी मांगी। साथ ही उन्होंने उस टीम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का वादा किया जिसने 2025 की नीलामी में उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए 11.75 करोड़ रुपए खर्च किए थे। स्टार्क ने कहा, 'इन सब बातों के बावजूद, मैं मानता हूं कि इस समय चोट की यह समस्या दिल्ली टीम के लिए परेशानी पैदा करने वाली है। मैं इसके लिए और इस सत्र के शुरुआती हिस्से में उपलब्ध नहीं होने के लिए प्रशंसकों से माफी मांगता हूं।'
उन्होंने कहा, 'मैं दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं। मैं लगातार टीम के संपर्क में हूं और उन्हें अपनी स्थिति के बारे में बता रहा हूं। मैं दिल्ली कैपिटल्स के लिए जल्द से जल्द उपलब्ध होने के लिए अपनी तरफ से हर संभव कोशिश करता रहूंगा।'
इससे पहले उनकी पत्नी और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की पूर्व कप्तान एलिसा हीली भी उनके बचाव में सामने आई थीं। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने हाल में स्टार्क के टीम से जुड़ने को लेकर उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा था कि जैसे ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें अनापत्ति पत्र जारी करेगा, वह किसी भी समय टीम से जुड़ सकते हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पहले ही यह घोषणा कर चुका है कि स्टार्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस की तेज गेंदबाजों की तिकड़ी कार्यभार प्रबंधन के कारण आईपीएल के शुरुआती चरण में नहीं खेल पाएगी।

