RR vs DC: कंधे पर स्ट्रैपिंग के साथ उतरे मिचेल स्टार्क ने रिटायरमेंट पर दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 04:05 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: Mitchell Starc ने आईपीएल 2026 में Delhi Capitals के लिए शानदार वापसी की। कंधे की चोट के कारण 8 मैच मिस करने के बाद उन्होंने पहले ही मुकाबले में 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। राजस्थान के खिलाफ 226 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 7 विकेट से जीत दर्ज की।
स्टार्क का मजाकिया बयान
मैच के बाद अपनी स्ट्रैपिंग पर बात करते हुए स्टार्क ने कहा, 'हम मजाक में कहते हैं कि अगर शरीर पर तीन जगह स्ट्रैपिंग हो जाए तो रिटायरमेंट के बारे में सोच लेना चाहिए, लेकिन मैं अभी वहां नहीं पहुंचा हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'यह क्रिकेटर की जिंदगी है, खासकर गेंदबाजों की। चोटें आती रहती हैं, लेकिन हमें आगे बढ़ना होता है।'
लंबे ब्रेक के बाद लय में लौटे स्टार्क
स्टार्क ने बताया कि लंबे समय बाद मैच खेलने के बावजूद वह अपनी लय में लौटने से खुश हैं। उन्होंने कहा, 'अच्छा लगा कि मैं फिर से मैदान पर उतरा और अपनी फिटनेस पर काम किया। पिछले कुछ हफ्तों से गेंदबाजी कर रहा था, लेकिन बल्लेबाज के खिलाफ हाल ही में गेंदबाजी शुरू की थी।' उन्होंने जोड़ा, 'मेरे लिए जरूरी था कि मैं अपनी स्किल्स पर टिक मार्क करूं और ज्यादातर चीजें सही कर पाया।'
नई और पुरानी गेंद से दिखाया दम
Yashasvi Jaiswal ने शुरुआत में स्टार्क का स्वागत छक्के से किया, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने जल्द ही वापसी करते हुए उन्हें आउट कर दिया। इसके अलावा उन्होंने Ravindra Jadeja और Riyan Parag के विकेट भी चटकाए। उन्होंने 4 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
अब CSK के खिलाफ अगले मैच पर नजर
स्टार्क की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा boost मिला है। अब टीम का अगला मुकाबला Chennai Super Kings के खिलाफ 5 मई को होगा, जहां स्टार्क से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

