मिक्सड डबल : सात्विक-अश्विनी का शानदार आगाज

punjabkesari.in Tuesday, Apr 10, 2018 - 05:45 PM (IST)

नई दिल्ली : सात्विक रंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा ने केवल 20 मिनट में जीत दर्ज कर कॉमनवैल्थ गेम्स की मिक्सड डबल बैडमिंटन स्पर्धा के दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि एकल में भारतीय खिलाड़ी कल से अपने अभियान की शुरूआत करेंगे जिसमें ओलंपिक रजत पदक विजेता पी वी सिंधू पर निगाहें टिकी रहेंगी।

सात्विक और अश्विनी ने पहले दौर में ग्रूनसे के स्टुअर्ट हार्डी और चोले लि टिसियर को सीधे गेम में 21-9, 21-5 से हराया। भारतीय जोड़ी को अपने कमजोर प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ जीत दर्ज करने में कोई परेशानी नहीं हुई और उन्होंने दोनों गेम दस-दस मिनट में अपने नाम किए। यह भारतीय जोड़ी प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए कल इंग्लैंड के बेन लेन और जेसिका पुग की जोड़ी से भिड़ेगी जिसे पहले दौर में बाई मिली थी।

मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी कल से व्यक्तिगत मुकाबलों में भी उतरेंगे जहां उन्हें खास चुनौती मिलने की संभावना नहीं है। किदांबी श्रीकांत कल भारतीय चुनौती की शुरूआत करेंगे। उन्हें पुरूष एकल में मारीशस के अतीश लुबाह से भिडऩा है। सिंधू टखने की चोट के कारण टीम स्पर्धा में नहीं खेल पाई थी लेकिन मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद के अनुसार वह अब पूरी तरह फिट हैं और महिला एकल में फिजी की आंद्रा वाइटसाइड के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करेंगी।

टीम स्पर्धा में भारतीय अभियान में अहम भूमिका निभाने वाली साइना नेहवाल को भी दक्षिण अफ्रीका की एलिस डिविलियर्स से खास चुनौती मिलने की संभावना नहीं है। पुरूष एकल में एच एस प्रणय मारीशस के क्रिस्टोफर जीन पॉल से जबकि महिला एकल में रूतुविका गाडे घाना की ग्रेस आतिपाका से भिड़ेंगी। मिश्रित युगल में प्रणव जेरी चोपड़ा और एन सिक्की रेेड्डी की जोड़ी कल अपने अभियान की शुरूआत करेगी। उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News