मिजोरम सरकार ने इस 21 साल की हॉकी प्लेयर को मुख्य कोच बनाया

punjabkesari.in Friday, Aug 20, 2021 - 03:16 PM (IST)

आइजोल : टोक्यो ओलिम्पिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य लालरेम्सियामी को मिजोरम खेल और युवा सेवा मंत्रालय ने ग्रुप ए अधिकारी के तौर पर मुख्य कोच नियुक्त किया है। मिजोरम सरकार ने लालरेम्सियामी को ग्रुप ए की नौकरी देने की पेशकश की थी। मिजोरम की पहली महिला ओलिम्पियन लालरेम्सियामी को सहायक निदेशक पदक के समकक्ष ग्रुप ए की नौकरी दी गई है।

मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने ट्वीट किया- यह घोषणा करते हुए फख्र हो रहा है कि मिजोरम सरकार ने राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और टोक्यो ओलिम्पिक में प्रदेश की इकलौती ओलिम्पियन लालरेम्सियामी को खेल और युवा सेवा विभाग के तहत मुख्य कोच के रूप में ग्रुप ए की नौकरी देने का फैसला किया है। इससे पहले उनके गृहनगर कोलासिब में उन्हें 691.85 वर्गमीटर का भूखंड भी आवंटित किया गया राज्य सरकार ने उन्हें 25 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की थी जिसमें से 10 लाख रुपए उनकी मां को दिए जा चुके हैं।

लालरेम्सियामी 25 अगस्त को मिजोरम पहुंचेंगी। राज्य के खेल निदेशक लालसांगलियाना ने कहा कि 26 अगस्त को उनके सम्मान में वानापा हॉल में विशेष कार्यक्रम रखा जाएगा। उसी दौरान उन्हें बाकी 15 लाख रुपए, नियुक्ति पत्र और अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे। मिजोरम से लालरेम्सियामी पहली महिला ओलिम्पियन हैं। प्रदेश से आखिरी ओलिम्पियन सी लालरेम्सांगा थे जिन्होंने 1992 बार्सीलोना और 1996 अटलांटा ओलिम्पिक में भाग लिया था।

Content Editor

Jasmer Malik