IPL 2027: क्या आईपीएल में खेलेंगे मोहम्मद आमिर? पाकिस्तानी गेंदबाज ने खुद किया बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 12:24 PM (IST)
नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के आईपीएल में खेलने को लेकर पिछले कुछ दिनों से चर्चाएं तेज थीं। ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद आमिर ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि वह ब्रिटिश नागरिक के रूप में आईपीएल में भी एंट्री कर सकते हैं। हालांकि, अब खुद आमिर ने इन खबरों को खारिज कर दिया है।
For those people who can’t see Amir’s post due to geo issues, he has categorically denied the IPL news is true https://t.co/aIeUSgaasW
— Erika Morris (@ErikaMorris79) November 2, 2026
'IPL को लेकर चल रही खबरें सच नहीं हैं'
मोहम्मद आमिर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आईपीएल में खेलने की खबरों पर सफाई दी। उन्होंने लिखा, 'नमस्कार सभी को, मैं बस यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि आईपीएल को लेकर चल रही खबरें सच नहीं हैं।' आमिर के इस बयान के बाद उनके आईपीएल में खेलने को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग गया है।
ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर चुके हैं मोहम्मद आमिर
मोहम्मद आमिर ने इसी साल ब्रिटिश नागरिकता हासिल की थी। उन्होंने यह नागरिकता अपनी पत्नी नरजिस खान के माध्यम से प्राप्त की है। इसके बाद वह इंग्लैंड में होने वाली फ्रेंचाइजी और घरेलू प्रतियोगिताओं में स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेलने के योग्य हुए। इससे पहले आमिर द हंड्रेड टूर्नामेंट में भी स्थानीय खिलाड़ी के रूप में खेल चुके हैं।
'अब मैं ब्रिटिश लोकल खिलाड़ी हूं'
ब्रिटिश नागरिकता और पाकिस्तान क्रिकेट में अपनी वापसी को लेकर आमिर पहले भी बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था, 'अब मैं ब्रिटिश लोकल खिलाड़ी हूं। जब आप काउंटी चैंपियनशिप और द हंड्रेड जैसी प्रतियोगिताओं में स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेलते हैं, तो आपको एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने होते हैं। इसमें यह स्पष्ट होता है कि आप किसी दूसरे देश के लिए स्थानीय खिलाड़ी के रूप में नहीं खेल सकते। इसलिए पाकिस्तान के साथ मेरा पिछला अध्याय अब बंद हो चुका है।'
2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद लिया था संन्यास
मोहम्मद आमिर ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में आमिर को उनकी शानदार स्विंग गेंदबाजी और बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी के लिए जाना जाता रहा है।

