कोहली से लंबे छक्के मारने का दावा करने वाले शहजाद ने भारत के खिलाफ ही ठोका शतक

punjabkesari.in Tuesday, Sep 25, 2018 - 08:59 PM (IST)

नई दिल्ली : अफगानिस्तान के चर्चित बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद का बल्ला आखिरकार फिर से आग उगला। एशिया कप के तहत भारत के खिलाफ मैच के दौरान शहजाद ने मात्र 88 गेंदों में 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। शतक लगाकर उन्होंने अपने उस कथन को भी सच कर दिखाया कि जिसमें उन्होंने कहा था कि वह कोहली से भी लंबे छक्के मार सकते हैं।

दरअसल इसी साल मई में अफगानिस्तान के भारत के साथ होने वाले पहले टैस्ट मैच से पहले शहजाद ने कहा था कि वह विराट कोहली से भी लंबे छक्के मार सकते हैं। 5 फीट 8 इंच लंबे और 90 किलोग्राम से ज्यादा वजनी शहजाद से उनके बढ़ते वेट पर सवाल किया गया था तो उन्होंने जवाब दिया था कि जितना लंबा छक्का वो (कोहली) मारता है, मैं उनसे ज्यादा मार सकता हूं। जरूरत क्या है उनकी तरह इतना डाइट करने की।

शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड भी किया बराबर

मोहम्मद शहजाद ने शतक लगाकर शाहिद अफरीदी का 15 साल पुराना एक रिकॉर्ड भी बराबर कर लिया। दरअसल शहजाद ने जब शतक बनाया था तब अफगानिस्तान को कुल स्कोर महज 131 रन ही था। 15 साल पहले भारत के खिलाफ जब अफरीदी ने शतक बनाया था तो तब भी पाकिस्तानी पारी का कुल स्कोर 131 रन ही था। इस सूची में इसके बाद शेन वॉटसन (टीम स्कोर 135), हर्षल गिब्स (टीम स्कोर 136), ब्रैंडल मैक्कुलम (टीम स्कोर 138) शामिल हैं।

अफगानिस्तान की ओर से 5वां सबसे तेज शतक बनाया

शहजाद ने 88 गेंदों में शतक लगाकर अफगानिस्तान की ओर से वनडे फार्मेट में सबसे तेज शतक लगाने का पांचवां सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड भी बनाया। करीब सादिक पाकिस्तान की ओर से 72 गेंदों में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किए हुए हैं। सादिक ने 2012 में शारजहां में नीदरलैंड के खिलाफ यह कारनामा कर दिखाया था। इसके बाद मोहम्मद शहजाद ने ही 72, नवरोज मंगल ने 85, असगर अफगान ने 88 गेंदों में शतक लगाया था।

90 की स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाते हैं शहजाद : शहजाद के नाम पर अब 77 मैचों में 2544 हो चुके हैं। उन्होंने करीब 35 की औसत और लगभग 90 की स्ट्राइक रेट के साथ  रन बनाए हैं। यह शहजाद का 5वां शतक है। उनके नाम पर 14 अर्धशतक भी दर्ज हैं।

Jasmeet