MP के मुख्यमंत्री ने जिस दौड़ाक रामेश्वर को बताया था लाजवाब, ट्रायल में हुआ फेल, देखें वीडियो

punjabkesari.in Monday, Aug 19, 2019 - 07:28 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में रहने वाले रामेश्वर गुर्जर कुछ दिनों पहले 11 सेकंड में 100 मीटर रेस पूरी कर सोशल मीडिया पर छा गए थे। आज जब भोपाल के तांत्या टोपे नगर स्थित अकादमी में जब रामेश्वर का ट्रायल हुआ तो नतीजे हैरानीजनक निकले। रामेश्वर 12.90 सेकंड में दौड़ पूरी करते हुए अंतिम स्थान पर रहे जबकि भारत में 100 मीटर का राष्ट्रीय रिकार्ड 10.26 सेकंड है।

मध्य प्रदेश का 'उसेन बोल्ट' से मशहूर हुए रामेश्वर को केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने एथलेटिक्स अकादमी में डालने और प्रशिक्षित करने का आश्वासन दिया था जिसके बाद उनका टेस्ट हुआ। भोपाल के तांत्या टोपे नगर स्थित अकादमी में जब रामेश्वर का ट्रालय हुआ तो उस समय राज्य सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सीनियर कोचों भी मौजूद थे। इस दौरान उनके साथ 6 अन्य एथलीट भी दौड़े लेकिन अंत में वह 12.90 सेकंड के साथ सबसे पीछे रहे। वहीं इस दौरान आयुष तिवारी पहले स्थान पर रहे।

रामेश्वर ने कहा इसलिए रह गया पीछे 

ट्रायल में फेल होने पर रामेश्वर ने कहा कि वह पहली बार ट्रैक पर जूते पहनकर दौड़ा जिस कारण वह पीछे रह गया। वहीं उसने कमर में दर्द होने की बात भी कही। रामेश्वर के लिए अभी सब खत्म नहीं हुआ है और वह एक महीने बाद फिर से ट्रायल देगा और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेगा। 

रामेश्वर को समय और ट्रेनिंग देंगे : खेल मंत्री 

खेल मंत्री रिजिजू ने ट्वीट करते हुए कहा कि रामेश्वर गुर्जर का ट्रायल टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां साई और राज्य सरकार के कोच मौजूद थे। रामेश्वर वीडियो में सबसे बाईं ओर (लेन 9) में दौड़ रहे हैं। सुर्खियों में आने की वजह से उन पर दबाव इतना था कि वह अच्छा प्रदर्शन नहीं दे पाए। हम उन्हें पर्याप्त समय और ट्रेनिंग देंगे।

देखें वीडियो

 

Sanjeev