IPL 2027 में खेलेंगे या नहीं? MS धोनी का जवाब जानकर फैंस का टूट जाएगा दिल
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 02:57 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : MS Dhoni को लेकर एक बार फिर IPL रिटायरमेंट की चर्चा तेज हो गई है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में Chennai Super Kings और Sunrisers Hyderabad के मुकाबले के दौरान ऐसा भावुक पल देखने को मिला, जिसने फैंस को भावुक कर दिया। CSK के पूर्व स्टार खिलाड़ी Suresh Raina ने खुलासा किया कि उन्होंने धोनी से IPL 2027 में खेलने को कहा, लेकिन माही के जवाब ने सभी का दिल तोड़ दिया।
चोट के कारण पूरे सीजन नहीं खेले धोनी
44 वर्षीय धोनी इस पूरे IPL 2026 सीजन में चोट के कारण एक भी मैच नहीं खेल सके। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी होम मैच में उन्होंने मैदान पर आकर फैंस का अभिवादन किया। धोनी ने टीम फोटो के लिए मैदान पर एंट्री की और बाद में चेपॉक में ‘लैप ऑफ ऑनर’ भी लगाया। धोनी को मैदान पर देखकर चेन्नई के फैंस काफी भावुक नजर आए। इस दौरान उनकी मुलाकात सुरेश रैना से भी हुई, जो मैच में कमेंट्री कर रहे थे।
रैना ने किया IPL 2027 में खेलने का आग्रह
सुरेश रैना ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने धोनी से अगले सीजन खेलने की अपील की थी। रैना ने कहा, 'मैंने उनसे कहा कि आपने IPL 2026 को मिस कॉल दी है, यह नहीं चलेगा। आपको अगले साल वापस आना होगा।' लेकिन धोनी का जवाब सुनकर फैंस मायूस हो सकते हैं। रैना ने बताया कि धोनी ने कहा, 'मेरा शरीर अब थोड़ा कमजोर हो गया है।' हालांकि रैना ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह इस जवाब को मानने वाले नहीं हैं और चाहते हैं कि धोनी अगले साल फिर मैदान पर उतरें।
स्टीफन फ्लेमिंग ने भी दिया बड़ा बयान
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में CSK के मुख्य कोच Stephen Fleming से भी धोनी के भविष्य को लेकर सवाल पूछा गया। फ्लेमिंग ने कहा कि यह फैसला टीम मैनेजमेंट का होगा। उन्होंने कहा, 'MS इस पूरे सीजन टीम के साथ रहे हैं और युवा खिलाड़ियों पर उनका काफी प्रभाव पड़ा है। उन्होंने मैदान पर नहीं खेला, लेकिन टीम के लिए उनका योगदान बहुत बड़ा रहा।' फ्लेमिंग ने यह भी कहा कि CSK ने इस सीजन कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो भविष्य में टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं।
फैंस को अब भी वापसी की उम्मीद
भले ही धोनी ने अपने शरीर को लेकर चिंता जताई हो, लेकिन फैंस अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि ‘कैप्टन कूल’ IPL 2027 में एक बार फिर पीली जर्सी में नजर आएंगे।

