महेंद्र सिंह धोनी रिटायरमेंट पर पहली बार बोले, CSK छोड़ने पर सामने आई अंदर की बात

punjabkesari.in Wednesday, Nov 27, 2019 - 09:52 PM (IST)

मुंबई : भारत के महान खिलाडी महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) से जब पिछले कुछ समय से बाहर रहने को लेकर सवाल किए गए तो इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने सपाट शब्दों में कहा कि जनवरी तक मत पूछो’। धोनी जुलाई में विश्व कप (World Cup) के बाद से नहीं खेल रहे हैं जिससे उनके संन्यास को लेकर भी अटकलबाजियां भी लगाई जाने लगी। यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे धोनी से पूछा गया कि वह कब तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे, उन्होंने कहा कि जनवरी तक मत पूछो। इससे पहले धोनी कभी अपने संन्यास पर नहीं बोले थे।

महेंद्र सिंह धोनी का अपने भविष्य पर फैसला 

इस पूर्व कप्तान के एक करीबी सूत्र ने कहा था कि वह अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे। भारत के जुलाई में इंग्लैंड में खेले गए वनडे विश्व कप से सेमीफाइनल में बाहर होने के बाद से ही धोनी किसी मैच में नहीं खेले हैं। वह वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गए और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं में भी नहीं खेले।

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल खेलेंगे या नहीं 

आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान 38 वर्षीय धोनी वेस्टइंडीज के खिलाफ छह दिसंबर से शुरू होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला में भी नहीं खेलेंगे। इस श्रृंखला में 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही वनडे खेले जाएंगे।  वहीं, आईपीएल में सीएसके टीम छोडऩे पर उठते सवालों के बीच सूत्रों का कहना है कि धोनी खुद ही चाहते हैं कि आईपीएल 2021 के एडिशन के लिए सीएसके उन्हें रिलीज कर दे। उन्हें फिर से ऑक्शन द्वारा कोई टीम खरीद सकती है।

महेंद्र सिंह धोनी टी-20 विश्व कप


राष्ट्रीय चयनसमिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद (MSK Prasad) पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पैनल अब भविष्य के बारे में सोच रहा है और धोनी आस्ट्रेलिया में अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप (ICC T20 World Cup 2020) को ध्यान में रखते हुए ऋषभ पंत (Rishabh Pant) जैसे युवा खिलाडिय़ों को अधिक मौके देने के उनके इरादों से वाकिफ हैं। धोनी को कुछ दिन पहले झारखंड अंडर-23 टीम के साथ अभ्यास करते हुए देखा गया था जिसके बाद उनकी संभावित वापसी की अटकल लगाई जाने लगी थी। 

महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य पर सौरव गांगुली की राय  


बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने भी कहा है कि धोनी को वही सम्मान दिया जाएगा जिसका उन जैसा दिग्गज खिलाड़ी हकदार है। उन्होंने इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज के तुरंत ही संन्यास लेने से भी इन्कार किया। पिछले महीने बोर्ड अध्यक्ष का पद संभालने के बाद गांगुली ने कहा कि आप जानते हैं कि चैंपियन्स जल्द खत्म नहीं होते। धोनी की अगुवाई में भारत ने टी-20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 में खिताब जीते थे।

Jasmeet