नागपुर में बोलती है धोनी की तूती, औसत 130 से ऊपर, स्ट्राइक रेट 100 से पार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 05, 2019 - 11:29 AM (IST)

जालन्धर: नागपुर के जिस मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा वनडे खेलने उतरेगी वहां विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी की तूती बोलती है। यानी यहां खेले गए 4 मैचों में उनकी औसत 100 से ऊपर है। धोनी 2009 में सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैदान पर उतरे थे। धोनी ने तूफानी पारी खेलते हुए शतक जड़ा था। टीम इंडिया ने वह मैच 99 रन से जीता था। इसके बाद से धोनी अब तक 5 मैच इस ग्राऊंड पर खेल चुके हैं। पांचों मैचों में उनके नाम 134 की औसत से 268 रन दर्ज है। खास बात यह है कि धोनी दो बार इस ग्राऊंड पर नाबाद भी लौटे हैं। वैसे भी भारतीय टीम को इस मैदान पर कुल पांच मैचों में 3 में जीत मिली है। दो मैच वह श्रीलंका और साउथ अफ्रीका से हारी थी।

धोनी की विदर्भ के मैदान पर खेली गई पारियां

  • 124 रन, विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया, स्ट्राइक रेट 115.89, तिथि 28 अक्तूबर 2009
  • 107 रन, विरुद्ध श्रीलंका, स्ट्राइक रेट 96.40, तिथि 18 दिसंबर 2009
  • 12* रन, विरुद्ध साऊथ अफ्रीका, स्ट्राइक रेट 57.14, तिथि 12 मार्च 2011
  • 25* रन, विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया, स्ट्राइक रेट 108.70, तिथि 30 अक्टूबर 2013
  • एक अक्टूबर 2013 को खेले गए मैच में धोनी की बैटिंग नहीं आई थी।

मैच 5, रन 268, औसत 134, स्ट्राइक रेट 102

गिलक्रिस्ट के रिकॉर्ड पर धोनी की नजर


धोनी अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 52 मैचों में 47.26 के औसत से 1607 रन बना चुके हैं। दोनों टीमों के बीच सबसे खेले गए वनडे में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में धोनी अभी 5वें स्थान पर हैं। अगर वह दूसरे वनडे में 16 रन भी और बना लेते हैं तो वह ऑस्ट्रेलिया के ही एडम गिलक्रिस्ट (46 मैच, 1622 रन) को पीछे छोड़ देंगे।

रोहित और विराट का भी बल्ला खूब गरजता है यहां

विदर्भ के मैदान पर अकेले धोनी ही नहीं बल्कि भारतीय कप्तान विराट कोहली का भी बल्ला खूब गरजता है। विराट कोहली यहां 4 मैच खेल चुके हैं। इनमें 69.66 की औसत से 209 रन उनके नाम दर्ज हैं। वहीं, रोहित को भी यह मैदान खासा रास आता है। यहां वह सिर्फ दो ही मुकाबले खेले हैं। लेकिन 102 की औसत के साथ उनके नाम पर 204 रन दर्ज हैं।

Jasmeet