मुंबई CT और FC पुणे सिटी में होगा रोमांचक मुकाबला, जानें किसका पलड़ा भारी

punjabkesari.in Thursday, Oct 18, 2018 - 06:49 PM (IST)

मुंबईः अपनी पहली जीत तलाश में जुटी मुंबई सिटी एफसी और एफसी पुणे सिटी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में शुक्रवार को यहां जब आमने सामने होंगी तो उनका लक्ष्य हर हाल में जीत दर्ज करना होगा। पुणे ने अंतिम जीत मुंबई के खिलाफ ही बीते सत्र में दर्ज की थी। उसने अपने घरेलू मैदान पर 1-0 की जीत के बाद मुंबई को उसके मैदान पर 2-0 से हराया था। अहम बात यह है इन दोनों टीमों के बीच मुंबई में तीन मैच खेले गए हैं इन सभी में पुणे ने जीत हासिल की है।          

मुंबई के कोच जॉर्ज कोस्टा शुक्रवार को अपने विदेशी खिलाडिय़ों से अधिक उममीद कर रहे हैं। मुंबई ने इस सत्र में अब तक दो मैच खेले हैं। पहले मैच में उसे जमशेदपुर एफसी से हार मिली थी जबकि केरल ब्लास्टर्स के खिलाफ उसे ड्रॉ खेलना पड़ा था। अपनी टीम की जीत को लेकर आश्वस्त कोस्टा ने कहा, ‘‘हम यह परिणाम नहीं चाहते थे। खासतौर पर घरेलू मैदान पर खेले गए मैचों में तो बिल्कुल भी नहीं। लेकिन हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं और मुझे अपनी टीम पर भरोसा है। मुझे उम्मीद है कि हम कल अच्छा खेलेंगे और तीन अंक हासिल करेंगे।’’

पाउलो माचदो, अर्नाल्ड इसोको और रफाएल बास्तोस को पुणे के खिलाफ जिम्मेदारी भला खेल दिखाना होगा क्योंकि पुणे की टीम अपने स्टार स्ट्राइकर मार्सेलिन्हो की वापसी से काफी मजबूत हो गई है। मार्सेलिन्हो आईएसएल के लिए एक धुरंधर खिलाड़ी हैं। वह मौके बनाकर लगातार गोल करते रहे हैं। वह किसी भी रक्षापंक्ति में सेंध लगा सकते हैँ। जब एमिलियानो एल्फारो और डिएगो कार्सोल साथ मिलकर आक्रमण पर होंगे तो पुणे की आक्रमण पंक्ति को नाप पाना मुश्किल होगा। मार्सेलिन्हो और एल्फारो एक काफी खतरनाक जोड़ीदार हैं। इस जोड़ी ने आईएसएल के बीते सत्र में पुणे के लिए कुल 31 में से 17 गोल किए थे। यह टीम के कुल गोल का 54.84 प्रतिशत है।         

मार्सेलिन्हो एक मैच के निलम्बन के कारण पुणे के लिए पहला मैच नहीं खेल सके थे। इस कारण पुणे की टीम की आक्रमण पंक्ति कमजोर नजर आई थी और दिल्ली ने इसका फायदा उठाया था। इसके अलावा 31 साल के इस खिलाड़ी ने जब भी गोल किया है, पुणे की टीम जीती है। ऐसे में पुणे के कोच मिग्वेल एंजेल पुर्तगाल अपनी टीम की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। पुर्तगाल ने कहा, ‘‘हमारा यह दूसरा मैच है। मैं जानता हूं कि मुंबई की टीम इस सत्र में अपना पहला मैच यहां जमशेदपुर से हार गई थी लेकिन केरल के खिलाफ इस टीम ने अच्छा खेल दिखाया था। जमशेदपुर के खिलाफ यह टीम पहले हाफ में अच्छा खेली थी लेकिन मैं जानता हूं की मुंबई की कमजोरी क्या है और उसका फायदा उठाकर हम जीतना चाहेंगे।’’     

Rahul