बुमराह के चार ओवरों से आगे भी सोचे मुंबई इंडियंस, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान का बड़ा बयान
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 01:50 PM (IST)
मुंबई : दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी ने कहा कि अगर मुंबई इंडियंस को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में निरंतरता हासिल करनी है तो उसे गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह पर अपनी अत्यधिक निर्भरता कम करनी होगी। मुंबई इंडियंस हमेशा धीमी शुरुआत करता है। इस बार उसने टूर्नामेंट का पहला मैच जीता लेकिन इसके बाद वह लगातार तीन मैच हार चुका है। रविवार को यहां खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उसके खिलाफ चार विकेट पर 240 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम पांच विकेट पर 222 रन ही बना पाई।
तेज गेंदबाज बुमराह मुंबई क के लिए तुरुप का इक्का हैं, लेकिन चार मैचों में उन्हें अभी तक एक भी विकेट नहीं मिला है। डुप्लेसी का मानना है कि मुंबई इंडियंस को बुमराह के चार ओवरों से आगे के बारे में सोचना होगा और साथ ही अपने इस तेज गेंदबाज का विवेकपूर्ण उपयोग करना होगा। डुप्लेसी ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, 'विशेषकर बड़े स्कोर वाले मैच में आपको यह आकलन करना होगा कि बुमराह के चार ओवरों को छोड़कर बाकी गेंदबाज कितना रन दे रहे हैं। बुमराह आमतौर पर बहुत किफायती होते हैं। मुंबई इंडियंस को इस समस्या का समाधान करना होगा।'
उन्होंने कहा, 'मुंबई इंडियंस को बुमराह का महत्वपूर्ण मौकों पर उपयोग करके उनकी क्षमता का पूरा फायदा उठाना होगा, लेकिन मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के दबदबे को देखते हुए यह आसान नहीं होगा। उन्हें अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।'

