सिर्फ 1 रन के कारण मुनरो नही बना पाए विश्व रिकाॅर्ड

punjabkesari.in Wednesday, Jan 24, 2018 - 01:47 PM (IST)

नई दिल्लीः न्यूज़ीलैंड और पाकिस्तान के बीच हुई एकदिवसीय सीरिज में न्यूज़ीलैंड ने 5-0 से इसे अपने नाम किया। इसके बाद हाल ही में हुए इन दोनों टीमों के बीच टी-20 के पहले मैच में न्यूज़ीलैंड ने 1-0 से बढ़त बना ली है। पहले टी-20 मुकाबले में न्यूज़ीलैंड के कॉलिन मुनरो सिर्फ एक रन की वजह से विश्व रिकाॅर्ड नही बना पाए। मुनरो ने नाबाद 49 रनों का पारी खेली, अगर वे अपना अर्धशतक बना लेते तो वो लगातार चार टी-20 मुकाबलों में फिफ्टी बनाने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन जाते। इससे पहले वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और न्यूज़ीलैंड के ब्रैंडन मैक्कुलम के नाम यह रिकाॅर्ड है।

मुनरो विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूके
मुनरो ने पहले 3 अर्धशतक वेस्टइंडीज के खिलाफ 2017-18 में लगाए हैं। अगर मुनरो इस बार पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक बना लेते तो वे इस रिकाॅर्ड को बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाते, लेकिन ऐसा ना हुआ। न्यूज़ीलैंड की पारी के 16वें ओवर के दौरान हसन अली की पहली गेंद पर मुनरो ने एक रन लिया और वो 49 के स्कोर पर पहुंच गए। उसकी अगली गेंद पर कोई रन नही आया। लेकिन इसके बाद रॉस टेलर ने हसन अली की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार तीन चौके जड़कर दोनों टीमों का स्कोर बराबर कर दिया। इसकी अगली गेंद हसन अली ने वाइड फेंक दी और न्यूज़ीलैंड इस मुकाबले को जीत गई। इसी कारण मुनरो विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गए। 

मैक्कुलम और क्रिस गेल ने पहले बनाया ये रिकाॅर्ड
सबसे पहले इस रिकाॅर्ड को ब्रैंडन मैक्कुलम ने साल 2008-09 में वेस्टइंडीज, आॅस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ बनाया था। फिर इस रिकाॅर्ड की बराबरी करने वाले वेस्टइंडीज के गेल थे, जिन्होंने साल 2012 में न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ खेल कर लगातार 4 टी-20 मुकाबलों में अर्धशतक लगाया था।
 
इस तरह न्यूज़ीलैंड ने जीत हासिल की
पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के इस पहले टी-20 मुकाबले में न्यूज़़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। पाकिस्तान ने बल्लेबाजी कर मेजबान टीम को 106 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूज़ीलैंड की शुरुआत तो इतनी सही नही थी। न्यूज़ीलैंड की टीम ने महज 08 रन पर ही 2 विकेट खो दिए थे। गप्टिल 02 रन तो फीलिप्स 03 रन बनाकर रुम्मन रईस की गेंद पर प्वेलियन लौट गए। बल्लेबाजी कर रहे मुनरो ने नाबाद 49 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को विजयी बनाया। न्यूज़ीलैंड की टीम ने इस मुकाबले को 3 विकेट खोकर 15.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। इन दोनों टीमों का अगला टी-20 मुकाबला जनवरी 25 को ईडन पार्क, ऑकलैंड में होगा।