IPL में 6 फ्रेंचाइजियों के लिए खेल चुके भारतीय स्पिनर ने क्रिकेट को कहा अलविदा

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 11:09 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: 35 वर्षीय भारतीय स्पिनर मुरुगन अश्विन ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। मुरुगन ने 25 मई को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए अपने करियर को अलविदा कहा। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वह आगे भी दुनिया भर की टी20 लीग में खेलते रहेंगे।

सोशल मीडिया पर किया संन्यास का ऐलान

मुरुगन अश्विन ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया और यही खेल उन्हें आज इस मुकाम तक लेकर आया। उन्होंने कहा कि छह साल की उम्र से क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है।

उन्होंने लिखा, 'मैं घरेलू क्रिकेट और IPL करियर को अलविदा कहने का फैसला कर चुका हूं। हालांकि मैं नए अवसरों और चुनौतियों की तलाश जारी रखूंगा और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलता रहूंगा।'

धोनी की कप्तानी में किया था IPL डेब्यू

चेन्नई में जन्मे मुरुगन अश्विन ने IPL में डेब्यू अब बंद हो चुकी Rising Pune Supergiants टीम के लिए किया था। उस समय टीम की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी कर रहे थे। अपने पहले ही मैच में उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए अंबाती रायुडू का विकेट लिया था और चार ओवर में सिर्फ 16 रन दिए थे।

6 IPL टीमों का रह चुके हैं हिस्सा

मुरुगन अश्विन IPL में कई फ्रेंचाइजियों का हिस्सा रहे। उन्होंने Rising Pune Supergiants, Delhi Daredevils (अब Delhi Capitals), Royal Challengers Bengaluru, Kings XI Punjab (अब Punjab Kings), Mumbai Indians और Rajasthan Royals के लिए खेला। उन्होंने IPL में कुल 44 मुकाबले खेले, जिसमें 35 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका औसत 33.20 और इकॉनमी रेट 8.01 का रहा।

धोनी, कोहली, अश्विन और रोहित को कहा धन्यवाद

अपने भावुक संदेश में मुरुगन ने उन दिग्गज खिलाड़ियों का भी जिक्र किया जिनकी कप्तानी में उन्हें खेलने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि MS Dhoni, Virat Kohli, Ravichandran Ashwin और Rohit Sharma जैसे बड़े खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके करियर का सबसे खास अनुभव रहा। मुरुगन ने लिखा, 'IPL में बिताए गए वर्षों ने मुझे महान खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का मौका दिया। इन अनुभवों ने मुझे बेहतर क्रिकेटर बनने में काफी मदद की।'

घरेलू क्रिकेट में ऐसा रहा रिकॉर्ड

मुरुगन अश्विन ने 2012 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। हालांकि रेड-बॉल क्रिकेट में उनका प्रदर्शन ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा और सात मैचों में सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके। लिस्ट-A क्रिकेट में उन्होंने 34 मैचों में 35 विकेट लिए, जबकि टी20 क्रिकेट में उनके नाम 115 विकेट दर्ज हैं। उनका आखिरी घरेलू मुकाबला विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में जम्मू-कश्मीर के लिए था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News