तीरंदाजी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी मुस्कान

punjabkesari.in Sunday, Mar 18, 2018 - 08:50 PM (IST)

भोपालः चीन के शंघाई में 23 से 29 अप्रैल तक आयोजित वर्ल्ड कप स्टेज-1 और तुर्की के अन्ताल्या में 20 से 26 मई तक होने वाले वर्ल्ड कप स्टेज-2 में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार वर्ल्ड कप स्टेज -1 और स्टेज -2 की भारतीय टीम के चयन के लिए हरियाणा के सोनीपत में 15 से 18 मार्च तक खेली गई प्रतियोगिता में अकादमी की खिलाड़ी मुस्कान किरार का भारतीय टीम में चयन हुआ है। 

इसी के साथ ही मुस्कान किरार ने एशियन गेम्स के ट्रायल में भी क्वालीफाई कर लिया और वह 2 अप्रैल को फिलीपींस के मनीला में होने जा रहे एशिया कप स्टेज-2 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम में मुस्कान के चयन पर उन्हें प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई दी है। उन्होंने वल्र्ड कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए मुस्कान किरार को शुभकामनाएं भी दी है। मुस्कान ने पिछले दिनों थाईलैंड में आयोजित एशिया कप में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया था। उन्होंने गत वर्ष भुवनेश्वर में आयोजित 37वीं सब जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता।

ढ़ाका में आयोजित 20वीं एशियन चैंपियनशिप और ताईपे में आयोजित एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी मुस्कान मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में वर्ष 2016-17 से अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार रिचपाल सिंह सलारिया से तीरंदाजी खेल का प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं। 

Punjab Kesari