नेशंस कप : लगातार दूसरी जीत के साथ शीर्ष पर पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2022 - 10:54 AM (IST)

वेलेंशिया (स्पेन) : भारतीय महिला हॉकी टीम ने सोमवार को जापान को 2.1 से हराकर एफआईएच नेशंस कप में लगातार दूसरी जीत के साथ पूल बी में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। भारतीय महिला टीम ने पहले मैच में चिली को 3.1 से हराया था। 

भारत के लिए सलीमा टेटे ने चौथे ही मिनट में पहला गोल कर दिया। हाफटाइम तक भारत की एक गोल की बढ़त बरकरार रही। तीसरे क्वार्टर में ब्यूटी डुंगडुंग ने खूबसूरत मैदानी गोल करके भारत को 2.0 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में हालांकि जापान की ताकाशिमा रूइ ने भारतीय डिफेंस को भेदकर स्कोर 2.1 कर दिया।

जापान की टीम दो मैचों में एक जीत और एक हार के बाद दूसरे स्थान पर है। भारत को अब 14 दिसंबर को अगले ग्रुप मैच में दक्षिण अफ्रीका से खेलना है। पूल ए में स्पेन दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर है जबकि आयरलैंड दूसरे स्थान पर है। इटली और कोरिया एक हार और एक ड्रॉ के बाद क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। 

Content Writer

Sanjeev