CWG 2018: नीरज ने जैवलिन थ्रो में जीता ऐतिहासिक स्वर्ण

punjabkesari.in Saturday, Apr 14, 2018 - 03:00 PM (IST)

गोल्ड कोस्ट: अाज के दिन भारत एक के बाद एक गोल्ड जीत रही है। कॉमनवेल्थ गेम्स में आज का दिन भारत के लिए सुनहरा दिन साबित हो रहा है। भारत के नीरज चोपड़ा ने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 86.47 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में शनिवार को स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह इस सीजन में उनका बेस्ट थ्रो है। यह भारत का 21वां गोल्ड है। वह इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। आज के दिन यह भारत का 5वां गोल्ड है। अब भारत के कुल 21 गोल्ड मेडल हो गए हैं।

मिल्खा, कृष्णा, विकास के बाद नीरज ने भारत को दिलाया चौथा गोल्ड

नीरज का यह पदक भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों के एथलेटिक्स में मात्र चौथा पदक है। उनसे पहले मिल्खा सिंह ने 1958, कृष्णा पूनिया ने 2010 और विकास गौड़ा ने 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक दिलाए हैं। भाला फेंक स्पर्धा में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है

हरियाणा के पानीपत जिले के खांद्रा गांव के नीरज ने फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया और छह प्रयासों में उनका पहला प्रयास ही 85.50 मीटर का रहा। नीरज का दूसरा प्रयास विफल रहा लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने 84.78, चौथे में 86.47 और पांचवें प्रयास में 83.48 मीटर की दूरी तय की। उनका छठा प्रयास भी विफल रहा लेकिन चौथे प्रयास में उनके 86.47 मीटर के प्रदर्शन ने स्वर्ण पदक पक्का कर दिया जो सत्र का भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

नीरज ने सत्र के सर्वश्रेष्ठ 85.94 मीटर के प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुये सत्र का नया सर्वश्रेष्ठ रिकार्ड बनाया जबकि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 86.48 मीटर है जिससे वह मात्र 0.01 मीटर ही पीछे रहे। आस्ट्रेलिया के हामिश पीकॉक ने 82.59 मीटर की दूरी तक भाला फेंक कर रजत पदक जीता।

भारतीय एथलीट नीरज के प्रदर्शन से साफ है कि फाइनल में 12 खिलाडिय़ों की फील्ड में कोई अन्य उम्मीदवार उनके आसपास भी नहीं पहुंच सका। नीरज ने सबसे कम दूरी पांचवें प्रयास में नापी थी जो 83.48 मीटर रही जबकि इससे कम स्कोर करने पर आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी दूसरे नंबर पर रहे।

ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 82.20 मीटर की दूरी तक भाला फेंक कर कांस्य पदक अपने नाम किया। हालांकि रेस में अन्य भारतीय विपिन कशाना का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और वह 77.87 मीटर की दूरी तक ही भाला फेंक सके और पांचवें नंबर पर रहे। विपिन ने 72.16, 75.93, 77.87, 77.22 और 77.42 मीटर की दूरी तय की जबकि पांचवां प्रयास विफल रहा।

Punjab Kesari