न्यूजीलैंड ने इंटरकांटिनेंटल कप में चीनी ताइपे को हराया

punjabkesari.in Wednesday, Jun 06, 2018 - 09:48 AM (IST)

मुंबईः मायेर बेवन के पेनल्टी पर दागे गोल की बदौलत न्यूजीलैंड ने इंटरकांटिनेंटल कप में चीनी ताइपे को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवित रखा है। मुंबई फुटबाल एरेना में मैच का एकमात्र गोल 36वें मिनट में बेवन ने पेनल्टी पर दागा।          

पहले हाफ में हेनरी कैमरन के शाट को चीनी ताइपे के गोलकीपर ने रोका लेकिन रिबाउंड पर गेंद सरप्रीत सिंह के पास पहुंच गई। सरप्रीत शाट लगा पाते इससे पहले ही ताइपे के जू कुइ हुंग ने उन्हें बाक्स के अंदर गिरा दिया। रैफरी ने हुंग के चैलेंज पर न्यूजीलैंड को पेनल्टी दी और बेवन ने इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। मध्यांतर तक न्यूजीलैंड की टीम 1-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कई अच्छे मूव बनाए लेकिन किसी को भी गोल करने में सफल नहीं मिली।          

इस जीत से न्यूजीलैंड के दो मैचों में एक जीत और एक हार से तीन अंक हो गए हैं। ताइपे की दो मैचों में यह दूसरी हार है और उसने अब तक खाता नहीं खोला है और टीम फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो गई है। भारत दो मैचों में दो जीत से छह अंक के साथ शीर्ष पर चल रहा है। कीनिया के भी दो मैचों में तीन अंक हैं। न्यूजीलैंड अब अपने अंतिम राउंड रोबिन मैच में सात जून को भारत से भिड़ेगा जबकि इसके अगले दिन कीनिया का सामना ताइपे से होगा। फाइनल 10 जून को खेला जाएगा।

Punjab Kesari