ब्राजील की शानदार जीत के बाद नेमार का भावुक पोस्ट, फैंस को दिया खास संदेश

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 02:33 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा विश्व कप 2026 में ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मुकाबले में स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर ने लंबे समय बाद मैदान पर वापसी की और जीत के बाद सोशल मीडिया पर एक खास संदेश साझा किया। नेमार ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'याद रखो तुम कौन हो' (REMEMBER WHO YOU ARE)। उनका यह संदेश तेजी से वायरल हो गया और प्रशंसकों ने इसे टीम के आत्मविश्वास और जज्बे से जोड़कर देखा।

2023 के बाद पहली बार मैदान पर उतरे नेमार

34 वर्षीय नेमार ने स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले में 76वें मिनट में मैदान पर कदम रखा। उन्होंने मैथियस कुन्हा की जगह सब्स्टीट्यूट के तौर पर खेलते हुए वापसी की। पिंडली की चोट के कारण नेमार विश्व कप 2026 के शुरुआती दो मुकाबले नहीं खेल पाए थे। इससे पहले वह अक्टूबर 2023 में उरुग्वे के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर के दौरान एसीएल (ACL) की गंभीर चोट का शिकार हुए थे, जिसके बाद उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा।

चौथे विश्व कप में खेलने का बनाया रिकॉर्ड

स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच ने नेमार के करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी। यह उनका चौथा फीफा विश्व कप है। इससे पहले वह 2014, 2018 और 2022 विश्व कप में भी ब्राजील का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लंबे इंतजार के बाद उनकी वापसी ब्राजील के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं मानी जा रही है।

विनीसियस जूनियर बने जीत के हीरो

मुकाबले की बात करें तो ब्राजील ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। विनीसियस जूनियर ने पहले हाफ में दो गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। उन्होंने सातवें मिनट में पहला गोल किया और फिर हाफ टाइम से ठीक पहले दूसरा गोल भी अपने नाम किया।दूसरे हाफ में मैथियस कुन्हा ने एक और गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। स्कॉटलैंड की टीम पूरे मैच में ब्राजील की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेदने में नाकाम रही।

विनीसियस ने रचा खास इतिहास

इस मुकाबले में विनीसियस जूनियर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की। वह पिछले 24 वर्षों में ब्राजील के पहले खिलाड़ी बने जिन्होंने विश्व कप के शुरुआती तीनों मैचों में गोल किया। उन्होंने 2002 विश्व कप में रोनाल्डो नजारियो और रिवाल्डो द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की। इसके साथ ही वह ऐसा करने वाले ब्राजील के केवल पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं।

नॉकआउट में पहुंचा ब्राजील, स्कॉटलैंड की उम्मीदें बरकरार

ग्रुप चरण का समापन ब्राजील ने सात अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर किया। मोरक्को ने भी नॉकआउट चरण में जगह बनाई। वहीं स्कॉटलैंड के खाते में तीन अंक हैं और अब उसे सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होने की उम्मीद पर नजरें टिकानी होंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh