IPL Auction : टूटा ईशान किशन का रिकाॅर्ड, निकोलस पूरन बने IPL इतिहास के सबसे महंगे विकेटकीपर

punjabkesari.in Friday, Dec 23, 2022 - 04:32 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : आईपीएल 2023 की मिनी नीलामी में उस समय बड़ा धमाका देखने को मिला, जब विंडीज के विकेटकीपर-बल्लेबाज निकोलस पूरन पर करोड़ों की बरसात हुई। पूरन ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रूपए रखा था, लेकिन उनकी बोली 16 करोड़ में लगी जो आईपीएल इतिहास में एक नया रिकाॅर्ड कायम कर गई। 

टूटा ईशान किशन का रिकाॅर्ड
पूरन को खदीदने के लिए लखनऊ सुपरजाएंट्स ने 16 करोड़ की बोली लगाकर सबको हैरान कर दिया। इसी के साथ ईशान किशन का रिकाॅर्ड भी टूट गया। दरअसल, पूरन अब आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विकेटकीपर बन गए हैं। पूरन से पहले आईपीएल 2022 की नीलामी में ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ में खरीदकर अपने नाम किया था। तब ईशान आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे विकेटकीपर बने थे, लेकिन अब ये उपलब्धि पूरन के नाम हो चुकी है। 

इन टीमों में दिखी टक्कर
पूरन को खरीदने के लिए सबसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स व राजस्थान राॅयल्स ने दिलचस्पी दिखाई, लेकिन चेन्नई 3.20 करोड़ की बोली लगाकर पीछे हट गया। फिर दिल्ली कैपिटल्स बीच में कूद गया। दिल्ली व राजस्थान के बीच 7.25 करोड़ तक टक्कर दिखी, लेकिन राजस्थान पीछे हट गया। दिल्ली पूरन को खरीदने के लिए दिलचस्पी दिखा रहा था कि लखनऊ ने अचानक 7.50 की पहली बोली लगाकर दिल्ली को झटका देना शुरू कर दिया। दोनों के बीच लंबी रेस दिखी, फिर अंत में लखनऊ ने 16 करोड़ की बोली लगाकर पूरन को अपनी टीम में शामिल कर लिया। 

कब-कितने में बिके हैं पूरन?
2017 - 30 लाख, मुंबई इंडियंस
2019 - 4.20 करोड़, पंजाब
2020 -  4.20 करोड़, पंजाब
2021 -  4.20 करोड़, पंजाब
2022 - 10.75 करोड़, हैदराबाद
2023 - 16 करोड़, लखनऊ


 


 

 

News Editor

Rahul Singh