निहाल नें जीता मेनोर्का मास्टर्स रैपिड शतरंज का खिताब
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 09:53 PM (IST)
मेनोर्का, स्पेन ( निकलेश जैन ) भारतीय शतरंज ग्रैंड मास्टर निहाल सरीन नें पाँचवें मेनोर्का मास्टर्स शतरंज का खिताब अपने नाम कर लिया है , उन्होंने छह खिलाड़ियों के बीच हुए 10 राउंड के दोहरे राउंड रोबिन मुक़ाबले में 6 अंक बनाते हुए पहला स्थान हासिल किया वहीं विश्व चैंपियन डी गुकेश अंतिम चार बाज़ियों में 3 हार के चलते 4.5 अंक बनाकर चौंथे स्थान पर रहे । निहाल नें 10 बाज़ियों के दौरान चार बाजियाँ जीती जिसमें उन्होंने गुकेश के ख़िलाफ़ दोनों बाजियाँ जीती जबकि हंगरी के रिचर्ड रापोर्ट और भारत के पेंटाला हरिकृष्णा के ख़िलाफ़ उन्होंने एक एक बाजी जीती , चार बाजियाँ ड्रा रही जबकि दो बाज़ियों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा । यूक्रेन के रुसलान पोनोमारियोव और हंगरी के रिचर्ड रापोर्ट 5.5 अंक बनाकर टाईब्रेक के आधार पर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे , गुकेश नें चौंथे राउंड में हरिकृष्णा , छठे राउंड में डोमिंगेज के ख़िलाफ़ जीतकर रफ़्तार पकड़ी थी पर वह उसे बरकरार नहीं रख पाये हालांकि नौवे राउंड में उन्होंने हरिकृष्णा को मात देकर तीसरी जीत दर्ज की थी , गुकेश नें कुछ दिन पहले क्लासिकल शतरंज से थोड़ा ब्रेक लेने का निर्णय लिया था और इस साल के अंत में उन्हें अब उज़्बेकिस्तान के जवोखीर सिंदारोव के ख़िलाफ़ अपने खिताब की रक्षा करने के लिए उतरना है .

