नीतीश राणा ने CSK के खिलाफ मैच में किया अपशब्द का इस्तेमाल, लगा भारी जुर्माना
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 05:53 PM (IST)
चेन्नई : दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बल्लेबाज नीतीश राणा को शनिवार रात चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ IPL 2026 मैच के दौरान 'सुनाई देने वाले अपशब्द के इस्तेमाल' के लिए जुर्माना भरना पड़ा है और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।
शुरुआती तीन मैचों में 15, 0 और 5 के स्कोर बनाने के बाद डीसी के प्लेइंग 11 से बाहर किए गए राणा टीम के डगआउट में थे, जब मैदान पर मौजूद ट्रिस्टन स्टब्स ने दस्ताने बदलने की मांग की। ओवर की शुरुआत में DC को दो ओवरों में 32 रनों की दरकार थी और 36 गेंदों पर 60 रन बनाकर नाबाद खेल रहे स्टब्स उनकी इकलौती उम्मीद थे। हालांकि इस मांग को ठुकरा दिया गया, जिसके कारण राणा की चौथे अंपायर, अनीश सहस्रबुद्धे के साथ बहस हो गई।
जेमी ओवटर्न द्वारा फेंके गए उस ओवर की तीसरी गेंद पर स्टब्स बिना कोई रन जोड़े आउट हो गए और DC को 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा। अपनी गलती स्वीकार करने के बाद राणा पर उनकी मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया गया।

