IND vs AFG: मां का फोन आते ही रोक दी प्रेस कॉन्फ्रेंस, नीतीश रेड्डी का वीडियो हुआ वायरल
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 12:32 PM (IST)
धर्मशाला: भारत और अफगानिस्तान के बीच धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में टीम इंडिया ने सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। मैच के बाद युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे, लेकिन इसी दौरान एक ऐसा पल आया जिसने सोशल मीडिया पर सभी का दिल जीत लिया।
मां का फोन आते ही रोक दी प्रेस कॉन्फ्रेंस
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नीतीश का मोबाइल फोन बज उठा, जो माइक्रोफोन के पास रखा हुआ था। फोन उनकी मां का था। नीतीश ने बिना झिझक मीडिया से माफी मांगते हुए कहा, 'सॉरी, मुझे यह कॉल उठानी होगी।' इसके बाद उन्होंने तेलुगु में अपनी मां से कहा, 'अम्मा, नेनु मल्ली चेस्टानु, फाइव मिनिट्स” यानी “मां, मैं आपको पांच मिनट बाद वापस कॉल करता हूं।' कॉल खत्म करते ही उन्होंने दोबारा मीडिया से बातचीत शुरू कर दी।
The post-match presser can wait but a call from Mom simply cannot 😊#TeamIndia | #INDvAFG | @IDFCFIRSTBank | @NKReddy07 pic.twitter.com/23OUBNZvYH
— BCCI (@BCCI) June 13, 2026
BCCI ने शेयर किया वीडियो
इस खूबसूरत पल का वीडियो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया, 'पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस इंतजार कर सकती है, लेकिन मां का फोन नहीं।' वीडियो सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने नीतीश की जमकर तारीफ की।
सोशल मीडिया पर फैंस ने लुटाया प्यार
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक फैन ने लिखा, 'हर खिलाड़ी की जिंदगी की असली कप्तान उसकी मां होती है।' वहीं दूसरे यूजर ने कहा, 'एक सच्चा प्रोफेशनल अपनी प्राथमिकताएं जानता है, मां हमेशा सबसे ऊपर।' एक अन्य फैन ने लिखा, 'दुनिया इंतजार कर सकती है, लेकिन मां नहीं।'
गेंद से भी दिखाया दम
नीतीश रेड्डी ने सिर्फ इस भावुक पल से ही नहीं, बल्कि अपने प्रदर्शन से भी प्रभावित किया। बारिश से प्रभावित मुकाबले में उन्होंने 2/31 के शानदार आंकड़े दर्ज किए। उन्होंने अफगानिस्तान के शतकवीर रहमानुल्लाह गुरबाज और अनुभवी मोहम्मद नबी जैसे अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
गिल की कप्तानी पारी से भारत की जीत
194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली। गिल ने 66 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्के जड़ते हुए भारत को 13 गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत दिलाई।

