Olympic : ड्रेसेल ने तैराकी में जीता चौथा स्वर्ण, मैककॉन को सातवां पदक

punjabkesari.in Sunday, Aug 01, 2021 - 11:59 AM (IST)

टोक्यो : अमरीकी तैराक कैलेब ड्रेसेल ने रविवार को पुरुषों 50 मीटर फ्रीस्टाइल में परचम लहराने के साथ अपना तोक्यो ओलंपिक में अपना चौथा स्वर्ण पदक जीता। ऑस्ट्रेलिया की महिला तैराक एम्मा मैककॉन ने भी इस ओलंपिक का अपना चौथा स्वर्ण सहित सातवां पदक जीतकर प्रभावित किया। ये दोनों तैराक इस ओलंपिक के सबसे सफल खिलाड़ी बनने की राह में है। 

चौबीस साल के ड्रेसेल को 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में ज्यादा चुनौती नहीं मिली और उन्होंने 21.07 सेकंड के ओलंपिक रिकॉर्ड समय के साथ इसे पूरा किया। इस स्पर्धा का रजत फ्रांस के फ्लोरेंट मनौदौ (21.55 सेकंड) जबकि कांस्य ब्राजील के ब्रूनो फ्रैटस (21.57 सेकंड) के नाम रहा। ड्रेसेल इससे पहले 100 मीटर फ्रीस्टाइल और 100 मीटर बटरफ्लाई में अपना दबदबा बनाते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया था। वह इसके साथ ही चार गुणा 100 फ्री रिले में स्वर्ण पदक जीतने वाली अमेरिकी टीम का हिस्सा थे। उनके पास तैराकी स्पर्धा के आखिरी दिन एक और स्वर्ण पदक जीतने का मौका है। 

महिलाओं में मैककॉन ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी को 23.81 सेकंड में पूरा कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वह इससे पहले 100 मीटर फ्रीस्टाइल का स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी है। स्वीडन की सारा सोजोस्ट्रॉम ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल का रजत पदक जीता जबकि इसका कांस्य जबकि डेनमार्क की गत ओलंपिक चैंपियन पर्निल ब्लूम के पास गया। मैककॉन चार गुणा 100 मेडले रिले की उस ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी शामिल थी जिसने  दो बार के गत चैम्पियन अमेरिका को पछाड़कर पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। 

मैककॉन ने अब तक चार स्वर्ण सहित सात पदक अपने नाम किए है। वह एक ओलंपिक में सात पदक जीतने वाली पहली महिला तैराक है। पुरुषों में हालांकि अमरीका के माइकल फेल्प्स, मार्क स्पिट्ज और मैट बियोन्डी ऐसा कर चुके है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News