रोहित शर्मा ने आज ही के दिन खेली थी वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी, 4 रन पर मिला था जीवनदान

punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2020 - 12:14 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के धमाकेदार ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आज ही के दिन साल 2014 में वनडे में उच्चतम व्यक्तिगत स्कोर बनाया था। हिटमैन के नाम से जाने जाते रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलते हुए 264 रन ठोके थे। वनडे में ये अभी भी किसी बल्लेबाज द्वारा वनडे में बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है जिसे 6 साल बाद भी कोई नहीं तोड़ पाया है। 

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को 4 रन पर जीवनदान मिला था जिसके बाद ये खिलाड़ी प्रतिद्वंदी टीम पर ऐसे बरसा की 173 गेंदों पर 264 रन की विशाल पारी अकेले ही खेल डाली और वनडे में बड़ा रिकाॅर्ड अपने नाम कर लिया। इस दौरान उन्होंने 33 चौके और 9 छक्के भी लगाए थे। वनडे में 200 या उससे ज्यादा का स्कोर मात्र 8 बार ही बना है और रोहित ने तीन दोहरे शतक ठोके हैं। उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रन की पारी के अलावा 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 208 रन की पारी खेली थी। 

वहीं पहली बार रोहित ने दोहरा शतक 2013 में बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ठोका था और इस दौरान 209 रन बनाए थे। वनडे में दोहरा शतक ठोकने वाले पहले क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर थे जिन्होंने 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 200 रन बनाए थे। 

वनडे में 200 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले क्रिकेटर और इनिंग्स 

रोहित शर्मा (भारत) - श्रीलंका के खिलाफ 13 नवम्बर 2014 को कोलकाता में 173 गेंदें पर  33 चौके और 9 छक्के की मदद से 152.60 स्ट्राइक रेट से 264 रन बनाए थे। 

मार्टिन गप्टिल (न्यूजीलैंड) - वेस्टइंडीज के खिलाफ वेलिंगटन में 21 मार्च 2015 को 163 गेंदों पर 24 चौके और 11 छक्कों की मदद से 145.39 की स्ट्राइक रेट के साथ 237 रन 

वीरेंद्र सहवाग (भारत) - वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में 8 दिसंबर 2011 को 146.97 की स्ट्राइक रेट के साथ 149 गेंदों पर 219 रन बनाए जिसमें 25 चौके और 7 छक्के शामिल थे। 

क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - जिम्बाब्वे के खिलाफ कैनबरा में 24 फरवरी 2015 को 147 गेंदों पर 10 चौके और 16 छक्के लगाते हुए 215 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.25 था।

फ़खर ज़मान (पाकिस्तान) - ज़िम्बाब्वे के खिलाफ बुलवायो में 20 जुलाई 2018 को 156 गेंदों पर 210 रन की पारी खेली। इस पारी में जमान ने 134.61 की स्ट्राइक रेट के साथ 24 चौके और 5 छक्के लगाए थे।

रोहित शर्मा (भारत) - ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में 2 2 नवंबर 2013 को 209 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 158 गेंदों का सामना करते हुए 132.27 की स्ट्राइक रेट के साथ 12 चौके और 16 छक्के लगाए थे।

रोहित शर्मा (भारत) - श्रीलंका के खिलाफ 13 दिसम्बर 2017 को 153 गेंदों पर 135.94 की स्ट्राइक रेट के साथ 208 रन की पारी खेली जिसमें 13 चौके और 12 छक्के शामिल थे। 

सचिन तेंदुलकर (भारत) - दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में 24 फरवरी 2010 में 147 गेंदों पर 200 रन ठोके थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 136.05 था और पारी में 25 चौके और 3 छक्के भी लगाए थे। 

Sanjeev