12 साल पहले सचिन तेंदलुकर ने वनडे क्रिकेट में रचा था इतिहास, लगाया था दोहरा शतक

punjabkesari.in Thursday, Feb 24, 2022 - 12:06 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : मास्टर ब्लास्टर के नाम से जाने जाते महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 12 साल पहले (2010) आज ही के दिन वनडे मैच में दोहरा शतक बनाया था और ऐसा करने वाले विश्व के पहले क्रिकेटर बने थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने महज 147 गेंदों में 25 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 200 रन की नाबाद पारी खेली। 

तेंदुलकर की इस पारी ने भारत को 50 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 401 रन बनाने में मदद की और एमएस धोनी की अगुवाई वाली टीम ने प्रोटियाज को 153 रनों से हरा दिया। तेंदुलकर ने 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद से ही टेस्ट और वनडे दोनों में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं। उनके नाम सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है। 

2019 में तेंदुलकर आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले छठे भारतीय बने। इस 46 वर्षीय ने 16 साल की उम्र में भारत के लिए पदार्पण किया था और देखते ही देखते देश के पसंदीदा क्रिकेटर बन गए। उन्होंने सभी प्रारूपों में 34,357 रन बनाए जो श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर कुमार संगकारा से 6,000 रन ज्यादा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News