IND vs PAK : पाकिस्तान में आई बाढ़ से दुखी हुई पाक टीम, पीड़ितों के लिए बांधी काली पट्टी

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2022 - 08:19 PM (IST)

दुबई : पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने देश में बाढ़ पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए रविवार शाम भारत के खिलाफ एसीसी टी20 एशिया कप 2022 के अपने शुरुआती मैच में काली पट्टी बांधकर उतरी। खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और सिंध प्रांतों में पहले से ही विनाशकारी बाढ़ से लोग प्रभावित हैं। इस कारण भारी तबाही मची हुई है। भारी बारिश से नदियों और नालों में विनाशकारी बाढ़ आई है जो किनारे के कई घरों को बहा ले गई है। बलूचिस्तान देश के बाकी हिस्सों से कटा हुआ है।

शनिवार को प्री-मैच कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने दुनिया से अपने देश के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए दुआ करने और उनकी मदद करने की अपील की। बाबर ने कहा कि यह हमारे देश में कठिन समय है और हम सभी प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 20 सितंबर को कराची के नेशनल स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच की कमाई भी प्रधानमंत्री बाढ़ राहत फंड के लिए दान करने की घोषणा की। स्थानीय मीडिया के अनुसार- बाढ़ से 30 मिलियन से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 1,000 से अधिक लोगों की मौत की सूचना मिली है।

Content Writer

Jasmeet